Last Updated: Saturday, March 8, 2014, 00:11

नई दिल्ली : तेलंगाना मुद्दे पर हाल में केंद्रीय मंत्री पद और कांग्रेस से इस्तीफा देने वाली तेदेपा के संस्थापक एनटी रामाराव की पुत्री डी पुरंदेश्वरी आज भाजपा में शामिल हो गई। पुरंदेश्वरी भाजपा के पूर्व प्रमुख एम वेंकैया नायडू की उपस्थिति में और उनके आवास पर पार्टी में शामिल हुई। उन्होंने कहा कि वह विशाखापट्टनम लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहती हैं।
पुरंदेश्वरी ने जब भाजपा प्रमुख राजनाथ सिंह के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की तो सिंह ने कहा कि पूर्व केन्द्रीय मंत्री डी पुरंदेश्वरी आज भाजपा में शामिल हो गई। मैं पार्टी में आने पर उनका स्वागत करता हूं। सिंह ने उनको पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। सिंह की उपस्थिति में ही जदयू के पूर्व नेता एवं बिहार के औरंगाबाद से सांसद सुशील कुमार भी भाजपा में शामिल हुए।
इससे पहले आज दिन में पुरंदेश्वरी ने पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, सुषमा स्वराज और अरुण जेटली से मुलाकात की। उन्होंने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस ने जिस तरीके से तेलंगाना राज्य बनाने के लिए आंध्र प्रदेश का विभाजन किया है उससे उन्हें बहुत दुख पंहुचा है। उन्होंने कहा कि राज्य के विभाजन के बाद कांग्रेस छोड़ने के अलावा उनके पास कोई और चारा नहीं बचा था। पुरंदेश्वरी केन्द्र में वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री थी। उन्होंने पिछले माह लोकसभा में तेलंगाना विधेयक पेश होने के बाद कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। (एजेंसी)
First Published: Saturday, March 8, 2014, 00:11