Last Updated: Sunday, May 18, 2014, 23:26
नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के मौके पर रविवार को राष्ट्रीय गांधी संग्रहालय में महात्मा गांधी द्वारा उपयोग किए गए रेजर, कलम, चश्मा आदि प्रदर्शित किए गए। इसके साथ ही संग्रहालय की नयी वेबसाइट भी शुरू की गयी।
संग्रहालय के निदेशक ए. अन्नामलाइ ने बताया कि कस्तूरबा गांधी द्वारा इस्तेमाल की गयी कई चीजें भी इस मौके पर प्रदर्शित की गयीं। इनमें चूड़ियां, सिंदूर, शॉल, जैकेट आदि शामिल हैं। इसके अलावा छोटी घड़ी, दीया, स्टील के बर्तन, सूई धागा सहित कुल 32 सामान प्रदर्शित किए गए। इनमें से कई सामान मनुबेन गांधी के संग्रह से प्राप्त किए गए थे। उन्होंने बताया कि मनुबेन ने इन चीजों को संभाल कर रखा था।
मनुबेन लंबे समय तक महात्मा गांधी के साथ रही थीं। संग्रहालय की एक नयी वेबसाइट भी शुरू की गयी है और कई आडियो वीडियो फुटेज, तस्वीरें आदि आनलाइन की गयी हैं। इसमें बीबीसी की आडियो वीडियो प्रस्तुति ‘टाकिंग आफ गांधीजी’ भी शामिल की गयी है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, May 18, 2014, 23:26