Last Updated: Saturday, October 12, 2013, 17:53
लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने शनिवार को कहा कि समाजवादी चिंतक राम मनोहर लोहिया ने आजादी के फौरन बाद जवाहरलाल नेहरू को चीन की बदनीयती के प्रति आगाह किया था। लेकिन तब से लेकर आज तक इसे गम्भीरता से नहीं लिया गया है। नतीजतन दुनिया में मजबूत सेना रखने वाले भारत की छवि एक कमजोर देश की बन गयी है।
यादव ने लोहिया की 47वीं पुण्यतिथि पर आयोजित समारोह में कहा ‘‘लोहिया जी ने आजादी के बाद वर्ष 1952 में नेहरू जी को सावधान किया था कि हिमाचल प्रदेश की सीमाओं को चीन से बचायें। चीन तिब्बत पर भी कब्जा करना चाहता है, लेकिन नेहरूजी से लेकर अभी तक केन्द्र सरकार ने इसे कभी गम्भीरता से नहीं लिया। विपक्ष के लोगों ने भी इसे नहीं समझा। मैंने संसद में भी कई बार इस पर भाषण दिया। मैं चाहता हूं कि प्रधानमंत्री इसे गम्भीरता से लें।’’
सपा प्रमुख ने दावा किया कि वह प्रधानमंत्री को सुझाव दे चुके है कि सीमाओं के मुद्दे पर अरुणाचल प्रदेश तथा जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्रियों और अभिसूचना ब्यूरो एवं अन्य एजेंसियों के अधिकारियों से बातचीत करके हल निकाला जाए।
उन्होंने कहा, ‘‘चीन ने लगातार दुस्साहस करके दुनिया में भारत का अपमान किया है। हमारे देश की सेना मजबूत और सक्षम है लेकिन दुनिया में संदेश जा रहा है कि हिन्दुस्तान बहुत कमजोर देश है।’’ यादव ने कहा कि देश में महंगाई चरम पर पहुंच गयी है और इसे रोकने के लिये वह सरकार की मदद करना चाहते हैं...मगर इसके लिये केन्द्र को लोहिया के विचार के अनुरूप ‘दाम बांधो’ नीति लागू करनी होगी। (एजेंसी)
First Published: Saturday, October 12, 2013, 17:53