सोशल मीडिया के गलत इस्तेमाल पर लगाएंगे रोक : शिंदे

सोशल मीडिया के गलत इस्तेमाल पर लगाएंगे रोक : शिंदे

पटना : केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने सोशल मीडिया पर दंगा भड़काने वाले पुराने फोटो को लगाए जाने की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए आज कहा कि गृह मंत्रालय उन पर रोक लगाने पर विचार कर रहा है।

शिंदे ने आज यहां एक अखबार के लोकार्पण समारोह में कहा कि उन्होंने यह देखा है कि फेसबुक की कई पुरानी तस्वीरों को फिर से लाने का प्रयास किया गया है जिससे दंगा-फसाद हुआ है। गृह मंत्रालय उन पर रोक लगाने पर विचार कर रहा है। उन्होंने हालांकि उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में हुए हाल में हुए दंगे का जिक्र नहीं किया, पर उनका इशारा उसी ओर था। शिंदे ने यह भी कहा कि नार्थ-ईस्ट के बारे में जो उन्होंने देखा है, उस पर बहुत ही कड़ी कार्रवाई की है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की चीजें जो कि जनता पर बुरा प्रभाव डालती हैं, ऐसी वस्तुओं को रोकने पर हम विचार कर रहे हैं। शिंदे ने कहा कि आज सभी मीडिया वाले खोजी पत्रकारिता में लगे हुए हैं, पर इसमें जोड़-तोड़ भी होता है। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्द्धा के इस युग में अखबार की कीमत कम होना या न होना मायने नहीं रखता, बल्कि वे समाज को किस तरह और क्या देते हैं यह महत्वपूर्ण है। कल का समाज अलग था, उसके विचार अलग थे और आज हम उनसे कहीं आगे निकल गये हैं।

शिंदे ने कहा कि विज्ञान और तकनीक तरक्की के कारण इंटरनेट का एक बटन दबाते ही पूरे देश और दुनिया के बारे में जानकारी मिल जाती है। ऐसे में प्रिंट मीडिया के समक्ष यह एक बडी चुनौती है वे किस तरह के समाचार और जानकारी उपलब्ध कराएं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद भी उपस्थित थे। (एजेंसी)

First Published: Saturday, January 18, 2014, 18:47

comments powered by Disqus