तेलंगाना मुद्दे पर मंत्रिसमूह ने की चर्चा

तेलंगाना मुद्दे पर मंत्रिसमूह ने की चर्चा

नई दिल्ली : तेलंगाना पर मंत्रिसमूह ने आंध्र प्रदेश के बंटवारे से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गुरुवार को चर्चा की। गृह मंत्री सुशील कुमार शिन्दे ने ऐलान किया कि पृथक राज्य के लिए विधेयक संसद के चालू सत्र में पेश किया जाएगा।

समझा जाता है कि मंत्रिसमूह ने सीमांध्र के केन्द्रीय मंत्रियों की मांग पर चर्चा की। इनमें हैदराबाद को सीमित अवधि के लिए संघ शासित क्षेत्र बनाना और भद्राचलम सब डिवीजन को सीमांध्र में लेना शामिल है।

शिंदे ने मंत्रिसमूह की घंटे भर चली बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया कि संसद का यह सत्र संपन्न होने से पहले हम तेलंगाना विधेयक सदन में लाएंगे। शिन्दे ही मंत्रिसमूह के अध्यक्ष हैं। गृह मंत्री से जब पूछा गया कि सीमांध्र के सांसदों द्वारा सदन की कार्यवाही बाधित करने से क्या संप्रग सरकार आंध्र प्रदेश पुनर्गठन विधेयक संसद में पारित करा सकेगी, शिन्दे ने कोई टिप्पणी नहीं की। उन्होंने यह भी नहीं बताया कि आज की बैठक में क्या चर्चा हुई। सिर्फ इतना कहा कि हमारी चर्चा चल रही है।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन किरन कुमार रेडडी ने प्रदेश के बंटवारे के विरोध में कल ही जंतर मंतर पर धरना दिया था और उसके बाद राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मिलकर बंटवारे को रोकने का अनुरोध किया। हैदराबाद को तेलंगाना का हिस्सा बनने से रोकने के अंतिम प्रयास के तहत सीमांध्र के केन्द्रीय मंत्रियों ने कल मंत्रिसमूह से आग्रह किया था कि हैदराबाद को संघशासित क्षेत्र घोषित कर दिया जाए और उसका राजस्व तेलंगाना एवं सीमांध्र में बांट दिया जाए। (एजेंसी)

First Published: Thursday, February 6, 2014, 19:11

comments powered by Disqus