Last Updated: Monday, May 19, 2014, 22:11

हासन (कर्नाटक) : पूर्व प्रधानमंत्री और जद एस के प्रमुख एच. डी. देवगौड़ा ने लोकसभा चुनावों में उपलब्धि हासिल करने के लिए सोमवार को नरेन्द्र मोदी को बधाई दी और कहा कि उन्हें वृहद् जनादेश हासिल हुआ है। देवगौड़ा ने पहले घोषणा की थी कि अगर नरेन्द्र मोदी भाजपा को 272 से ज्यादा सीटें दिला देते हैं तो वह ‘‘राजनीतिक संन्यास’’ ले लेंगे।
देवगौड़ा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि मोदी को देश के लोगों की आकांक्षाओं के मुताबिक पूरे देश का विकास सुनिश्चित करने में अपनी क्षमता और बुद्धिमत्ता दिखानी चाहिए।
चुनाव प्रचार के दौरान देवगौड़ा ने कहा था, ‘‘वह (मोदी) अपने आंकड़ों तक कभी नहीं पहुंच सकते। अगर वह इस आंकड़े को हासिल कर लेते हैं तो मैं राजनीतिक संन्यास ले लूंगा।’’ देवगौड़ा की पार्टी को हासन सहित लोकसभा की दो सीटें हासिल हुईं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं पूरे राजनीतिक जीवन के दौरान योद्धा रहा.. संसदीय चुनावों के परिणाम से मेरा दिल नहीं बैठा है..।’’ एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘मैं कांग्रेस पार्टी की वर्तमान स्थिति का जिक्र नहीं करना चाहता। क्षेत्रीय दलों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है.. आप क्षेत्रीय दलों को खारिज नहीं कर सकते।’’ (एजेंसी)
First Published: Monday, May 19, 2014, 22:11