भीषण गर्मी की आग में झुलसा उत्तर भारत, दिल्ली में पारा 44 के पार

भीषण गर्मी की आग में झुलसा उत्तर भारत, दिल्ली में पारा 44 के पार

भीषण गर्मी की आग में झुलसा उत्तर भारत, दिल्ली में पारा 44 के पार ज़ी मीडिया ब्यूरो

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत चढ़ते पारे से परेशान है। पूरे उत्तर भारत में सूरज कहर बरपा रहा है। कहीं पारा 42 के पार है तो कहीं 45 डिग्री के भी ऊपर चला गया है। दोपहर में तो सूरज पूरी तरह झुलसा दे रहा है। गर्मी का आलम ये है कि लोग घरों से निकलने से कतरा रहे हैं।

भीषण गर्मी में बिजली पानी की कमी लोगों को और रुला रही है। जलस्तर नीचे चला गया है जिसके चलते तमाम हैंडपंप सूख गए हैं। वहीं बिजली की कमी के चलते भी पानी की समस्या पैदा हो गई है। सरकार ने भी गर्मी के लिहाज से अभी तक कोई ठोस इंतजाम नहीं किए हैं।

भीषण गर्मी और बिजली कटौती से जहां आम जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं सूरज की इस तपिश से किसान भी पसीना-पसीना हैं। धान की बुआई का वक्त करीब है लेकिन बिजली की किल्लत से सिंचाई नहीं हो पा रही है। ऐसे में पंजाब और हरियाणा समेत उत्तर भारत के किसानों के लिए संकट पैदा हो गया है।

दिल्ली में पारे के 44.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने के साथ ही गुरुवार को इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। पिछले पांच सालों में आज दिन का तापमान सर्वाधिक था। सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। सफदरजंग वेधशाला का मापन शहर के लिए आधिकारिक मापन माना जाता है। इससे पहले मौसम का सबसे गर्म दिन 29 मई को था जब अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था।

पालम इलाके में अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री दर्ज किया गया जो इस मौसम का सर्वाधिक है। दक्षिण पूर्व दिल्ली के आया नगर में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि रिज इलाकों में यह 45.8 डिग्री सेल्सियस रहा। शहर में न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि गर्मी के इस मौसम के लिहाज से सामान्य है।

दूसरी तरफ राजस्थान में बढती गर्मी के बीच पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। प्रचंड गर्मी के चलते पूरा प्रदेश झुलस रहा है। मौसम विभाग के अनुसार बीकानेर में अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 47.3 डिग्री, श्रीगंगानगर में 47 डिग्री, कोटा में 46.8 डिग्री, जैसमलमेर में 46.4 डिग्री, बाडमेर में 45.4 डिग्री, अजमेर में 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर में अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गयी और यह 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब और हरियाणा में अधिकतम तापमान के सामान्य से कई डिग्री उपर जाने के साथ अधिकतर हिस्सों में गर्म हवाओं का कहर रहा। दोनों राज्यों में अधिकतम तापमान में वृद्धि देखी गयी और कई शहरों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हरियाणा का हिसार क्षेत्र में सबसे गर्म जगह रहा जहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। हरियाणा के अंबाला और नारनौल में अधिकतम तापमान क्रमश: 44.4 डिग्री और 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है।

(एजेंसी इनपुट के साथ )






First Published: Thursday, June 5, 2014, 22:54

comments powered by Disqus