हफिंगटन पोस्ट ने सोनिया का नाम सबसे धनी राजनेताओं की लिस्ट से हटाया

हफिंगटन पोस्ट ने सोनिया का नाम सबसे धनी राजनेताओं की लिस्ट से हटाया

हफिंगटन पोस्ट ने सोनिया का नाम सबसे धनी राजनेताओं की लिस्ट से हटायावाशिंगटन: अमेरिका की एक समाचार वेबसाइट ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का नाम विश्व के सबसे धनी राजनेताओं की सूची से हटा दिया और उसपर खेद जताया। इससे पहले कांग्रेस पार्टी ने पोर्टल पर डाली गई सामग्री को ‘बेतुका और हास्यास्पद’ करार देते हुए उसका उपहास उड़ाया था।

समाचार पोर्टल हफिंगटन पोस्ट की वेबसाइट पर विश्व के सबसे धनी राजनेताओं की सूची कल शाम अद्यतन होने के बाद उसके संपादक ने लिखा कि सोनिया गांधी और कतर के पूर्व अमीर हामिद बिन खलीफा अल थानी का नाम इस सूची से हटा दिये गए हैं। संपादक ने थर्ड पार्टी साइट का नाम दिये बिना कहा कि सोनिया का नाम एक थर्ड पार्टी साइट की सूची के आधार शामिल किया गया था जिस पर बाद में सवाल उठाया गया। हफिंगटन पोस्ट ने कहा कि हमारे संपादक धनराशि की पुष्टि करने में विफल रहे, लिंक हटा दिया और हम भ्रम की स्थिति के लिए खेद जताते हैं। हफिंगटन पोस्ट ने चार दिन पहले सोनिया गांधी को विश्व के सबसे धनी राजनेताओं की सूची में 12 स्थान पर रखा था और उनकी सम्पत्ति दो अरब डालर बतायी थी। कांग्रेस पार्टी ने हफिंगटन पोस्ट के इस आंकड़े की प्रामाणिकता पर सवाल खड़ा किया था।

सूची जारी होने के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने राजधानी दिल्ली में कल कहा था कि यदि हफिंगटन पोस्ट इस तरह की बेतुकी बात पर अड़ा रहता है तो मेरा मानना है कि वे अपने लिए ही बेहतर काम करेंगे क्योंकि यदि आप ये बेतुकी और हास्यास्पद चीजें छापते हैं तो आप स्वयं को हंसी का पात्र बनाते हैं। मैं इस पर प्रतिक्रिया भी नहीं करना चाहता। हफिंगटन पोस्ट ने सोनिया गांधी की सम्पत्ति दो अरब डालर बताया था, लेकिन यह नहीं स्पष्ट किया था कि वह इस आंकड़े पर कैसे पहुंचा। (एजेंसी)





First Published: Tuesday, December 3, 2013, 10:44

comments powered by Disqus