Last Updated: Wednesday, June 4, 2014, 16:13
नई दिल्ली : केन्द्र ने बांग्लादेश से अवैध आव्रजन के मुद्दे को ‘राष्ट्रीय समस्या’ करार देते हुए आज कहा कि भारतीय क्षेत्र में रह रहे घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गृह राज्य मंत्री किरन रिजिजु ने कहा कि पूर्वोत्तर में अवैध आव्रजकों और घुसपैठियों का मुद्दा विशेषकर बांग्लादेशियों का मुद्दा हम सभी के लिए चिन्ता का विषय है। ये राष्ट्रीय समस्या है।
उन्होंने कहा कि हमें इन सभी मुद्दों को राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में देखना होगा। इसलिए कार्रवाई की जाएगी लेकिन हमें राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करना है। उनसे भाजपा की असम इकाई द्वारा ‘बांग्लादेशी भगाओ अभियान’ की योजना के बारे में सवाल किया गया था। रिजिजु ने कहा कि उनकी पार्टी ने अवैध आव्रजन के मुद्दे को कभी राजनीतिक समस्या के रूप में नहीं माना।
उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए एक मुद्दा है। विशेषकर हमारी पार्टी के लिए। हम इसे राजनीतिक समस्या नहीं मानते। ये राष्ट्रीय समस्या है। दो दिन पहले असम से भाजपा सांसद कामख्या प्रसाद तासा ने कहा था कि असम में पार्टी जल्द ही बांग्लादेशी भगाओ अभियान शुरू करेगी।
जोरहट के इस सांसद ने कहा कि ये अभियान जोरहट जिले से शुरू किया जाएगा और इसके बाद राज्य के अन्य हिस्सों में इसका अनुकरण होगा। पिछले महीने विभिन्न चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि बांग्लादेश से अवैध आव्रजकों को वापस जाना होगा।
मोदी ने पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर में एक रैली में कहा था कि उच्चतम न्यायालय ने कहा है कि घुसपैठ भारत पर आक्रमण है। उच्चतम न्यायालय ने जो कहा है, उसका सम्मान करने में मुझे कोई हिचकिचाहट नहीं है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, June 4, 2014, 16:13