Last Updated: Friday, October 11, 2013, 20:06

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने शुक्रवार को कहा कि लोकसभा चुनाव में इस बार तीसरी ताकत की सरकार बनेगी और सपा को इसमें सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।
मुलायम ने यहां पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में धनबल का खूब इस्तेमाल होगा। इस खर्च में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस सबसे आगे रहेगी, लेकिन इसके बावजूद केंद्र में इन दोनों पार्टियों को बहुमत नहीं मिलेगा।
यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में इस बार तीसरी ताकत की सरकार बनेगी। सपा को इसमें सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। चुनावों में उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी भूमिका होगी क्योंकि यहां से सबसे ज्यादा 80 सीटें हैं।
सपा प्रमुख ने कहा कि सपा कार्यकर्ता अपने मतभेद आपस में मिलकर निपटा लें। पिछले वर्ष विधान सभा चुनावों में दिखाई गई एकता को फिर दिखा दें। कार्यकर्ताओं की एकजुटता से भारत की राजनीति की तस्वीर बदल जाएगी।
यादव ने कहा कि सपा धर्मनिरपेक्ष पार्टी है। उसका हिंदू और मुसलमानों के प्रति समान नजरिया है। मुसलमान भी हिंदुओं के भाई हैं। आजादी के आंदोलन में दोनों की ही हिस्सेदारी रही है। उन्होंने कहा कि किसी के प्रति भी अन्याय हो चाहे वह हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई या कोई और हो, समाजवादी पार्टी उसकी खिलाफत करती है। समाजवादी पार्टी निर्दोषों की पक्षधर है। (एजेंसी)
First Published: Friday, October 11, 2013, 19:35