Last Updated: Friday, February 14, 2014, 18:43
चेन्नई : भारत विजन 2050 कार्यक्रम के तहत आधुनिक तकनीकों वाली छोटी मिसाइल विकसित करने की योजना बना रहा है। ब्रहमोस ऐरोस्पेस के एक शीर्ष अधिकारी ने शुक्रवार को यहां यह जानकारी दी।
ब्रहमोस ऐरोस्पेस के सीईओ और प्रबंध निदेशक ए सिवथानु पिल्लै ने कहा कि हमें (विजन 2050 के तहत) तीन प्रमुख कार्यक्रम मिले हैं। पहला प्रमुख कार्यक्रम एक छोटी मिसाइल विकसित करना है जिसमें बड़ी मिसाइल जैसे गुण होंगे। उन्होंने सीआईआई द्वारा आयोजित ‘तमिलनाडु मैनुफेक्चरिंग समिट’ के पांचवें सत्र के इतर यहां संवाददाताओं से कहा कि अत्याधुनिक तकनीक के साथ प्रस्तावित मिसाइल छोटे आकार और कम वजन की होगी लेकिन उसकी ‘बेहतर क्षमताएं’ होंगी।
उन्होंने कहा कि ये नई संकल्पना है जिस पर हम काम कर रहे हैं। हम (भारत) इस तरह के अदभुत मिशन (विजन 2050) को तैयार करने वाले दुनिया में प्रथम होंगे। पिल्लै ने कहा कि दूसरा कार्यक्रम मिसाइलों की रफ्तार तेज करने पर गौर करेगा। सुपरसोनिक (मिसाइलों) में, हमने दुनियाभर में श्रेष्ठता हासिल की है। अब हम हाइपरसोनिक (मिसाइलों) में प्रमुख स्थान हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि तीसरी महत्वपूर्ण परियोजना, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी है। आज के समय में अंतरिक्ष काम करने की दिशा में बहुत महत्वपूर्ण क्षेत्र है। आप अंतरिक्ष क्षेत्र को भूल नहीं सकते। (एजेंसी)
First Published: Friday, February 14, 2014, 18:43