भारत ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर समझौते का किया स्वागत

भारत ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर समझौते का किया स्वागत

नई दिल्ली : भारत ने दुनिया की प्रमुख ताकतों और तेहरान के बीच हुए ऐतिहासिक समझौते की पृष्ठभूमि में ईरान के विवादास्पद परमाणु कार्यक्रम से जुड़े मसलों के समाधान की संभावना का आज स्वागत किया।

विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता ने यहां कहा, ‘भारत बातचीत और कूटनीति के जरिए ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े प्रश्नों को सुलझाने की संभावना का स्वागत करता है।’ अमेरिका, ब्रिटेन, रूस, चीन, फ्रांस और जर्मनी (पी5 प्लस 1 देशों का समूह) की ईरान के साथ चार दिनों की बातचीत के बाद आज तड़के यह समझौता हुआ।

इस समझौते के तहत ईरान अपने परमाणु संयंत्रों तक निरीक्षकों की सहज पहुंच तथा यूरेनियम संवर्धन के कुछ कामों को रोकने पर सहमत हुआ है। परंतु ईरानी वार्ताकारों ने जोर दिया है कि उनके पास अब भी परमाणु शक्ति का अधिकार है।

ईरान की सहमति के बदले उसके खिलाफ छह महीनों के लिए कोई नया प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा। वह पांच फीसदी से ज्यादा संवर्धन को भी रोकेगा। समझौते के तहत ईरान को कई क्षेत्रों में 7 अरब डॉलर की राहत मिलेगी।

अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इस समझौते की सराहना करते हुए कहा है कि यह ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने से रोकने की दिशा में अहम कदम है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, November 24, 2013, 17:38

comments powered by Disqus