Last Updated: Thursday, February 27, 2014, 15:43
ज़ी मीडिया ब्यूरोमुंबई: भारतीय सैन्य पनडुब्बी सिंधुरत्न में हुई दुर्घटना में दो नौ सेना के दो अधिकारी मारे गए। अधिकारियों ने गुरुवारको इस बात की पुष्टि की। रक्षा मंत्रालय से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार दुर्घटना के बाद नौसेना के दो अधिकारी लापता बताए गए थे। गुरुवार को दुर्घटनाग्रस्त पनडुब्बी के बंद कंपार्टमेंट से दोनों लापता अधिकारी बरामद किए गए, लेकिन चिकित्सकों ने दोनों का परीक्षण करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दूसरी तरफ नौसेना ने कल हुई दुर्घटना सहित सभी पनडुब्बी दुर्घटनाओं की जांच के लिए रियर एडमिरल रैंक के एक अधिकारी की अगुवाई में एक उच्चस्तरीय जांच का गठन किया है। नौसेना की पश्चिमी कमान ने आज यहां एक बयान में कहा कि रियर एडमिरल रैंक के एक अधिकारी की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय जांच गठित की गयी है। इसने पनडुब्बी से संबंधित सभी दुर्घटनाओं की वजह का पता लगाने के लिए कार्यवाही शुरू कर दी है। यह पनडुब्बियों के सुरक्षित परिचालन के लिए सिफारिशें भी करेगी। विज्ञप्ति में कहा गया है कि आईएनएस सिंधुरत्न पनडुब्बी मुंबई बंदरगाह लौट आयी है।
अरब सागर में बुधवार को एक प्रशिक्षण अभियान के दौरान भारतीय पनडुब्बी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी और पनडुब्बी में धुंआ भर गया था। दुर्घटनाग्रस्त पनडुब्बी गुरुवार सुबह नौसैनिक बंदरगाह पर पहुंची थी।
पनडुब्बी में नाविकों के रहने वाली जगह पर धुंआ भर जाने से सात नौसैनिक घायल हुए थे। पनडुब्बी में सवार 94 नौसैनिकों ने धुंए से लड़ने की कोशिश की थी, लेकिन सांस में जहरीला धुंआ भर जाने से सात नौसैनिक बेहोश हो गए थे और उन्हें मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Thursday, February 27, 2014, 15:18