Last Updated: Saturday, March 8, 2014, 22:07

अहमदाबाद : आम आदमी पार्टी (आप) ने आज भाजपा से कहा कि वह उस सीट का नाम बताये जहां से नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव लड़ेंगे और पूछा कि क्या वह उनके नेता अरविंद केजरीवाल के खिलाफ उतरने से भयभीत हैं। आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह ने यहां कहा कि यदि प्रधानमंत्री पद के लिए भाजपा के उम्मीदवार आप प्रमुख केजरीवाल से भयभीत नहीं तो वह स्पष्ट करें कि उनकी योजना हमारे नेता के खिलाफ कहां से चुनाव लड़ने की है।
सिंह ने कहा, पहले भाजपा संकेत दे रही थी कि मोदी वाराणसी से चुनाव लड़ेंगे और तब अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की कि वह उसी सीट से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या केजरीवाल गुजरात में मोदी के खिलाफ लड़ेंगे, उन्होंने कहा, क्या भाजपा आप से भयभीत है? यदि ऐसा नहीं तो मोदी को अपना रूख स्पष्ट करना चाहिए कि वह कहां से चुनाव लड़ेंगे। हम अपनी रणनीति उसके आधार पर तय करेंगे। उन्होंने कहा, आप ने गुजरात से अपने उम्मीदवार तय कर लिये हैं और उनके नामों की घोषणा जल्द की जाएगी। संगठन के भविष्य की रणनीति पर सिंह ने कहा, हम प्रत्येक राज्य में जाएंगे। आने वाले दिनों में पंजाब, बिहार, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश जाएंगे।
आप प्रवक्ता ने गुजरात दौरे के दौरान केजरीवाल और अन्य पार्टी नेता मनीष सिसोदिया के वाहनों पर हमलों के लिए मोदी सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा, जनता को पता है कि किसके इशारे पर ये हमले किये गए। सुरक्षा में खामियां थीं। उन्होंने केजरीवाल के जयपुर से दिल्ली एक चार्टर्ड विमान में सफर किये जाने के बारे में पूछे गए सवाल को यह कहते हुए टाल दिया कि मीडिया समूह से पूछिये (जिसने चार्टर्ड विमान का खर्च उठाया।) इससे पहले केजरीवाल शहर के बापूनगर क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करने के लिए दिल्ली से आये। केजरीवाल साबरमती आश्रम भी गए। इस बीच चेन्नई से प्राप्त खबर के अनुसार हाल में तमिलनाडु में आप में शामिल होने वाले परमाणु विरोधी कार्यकर्ता उदयकुमार और जेसूराज ने लोकसभा चुनाव के लिए टिकट मांगे हैं। आप संयोजक क्रीस्टीना सामी ने कहा कि उन्हें लोकसभा का टिकट के लिए नामांकित किये जाने की संभावना है लेकिन अभी तक कोई निर्णय नहीं किया गया है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, March 8, 2014, 22:02