Last Updated: Friday, February 21, 2014, 00:17

पणजी : कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के हत्यारों को रिहा करने के तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता के फैसले पर आश्चर्य व्यक्त किया।
सिंह ने आज संवाददाताओं से कहा कि हम जयललिता के इस बयान से स्तब्ध हैं कि (राजीव के हत्यारों की) सजा उम्रकैद में बदलने के बाद अब उन्हें रिहा कर दिया जाएगा। यह कहते हुए कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी स्वयं मृत्युदंड को आजीवन कारावास में बदलने के पक्ष में थी, उन्होंने कहा कि जहां तक सजा को उम्रकैद में बदलने का सवाल है तो उसे लेकर हमें कोई दिक्कत नहीं है।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि लेकिन उन्होंने (जयललिता ने) रिहाई का आदेश दे दिया। हम यह नहीं देख सकते कि राजीव गांधी के हत्यारे मुक्त होकर घूम रहे हैं। हमें इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिये। हमें आतंक फैलाने वालों से समझौता नहीं करना चाहिये ताकि ऐसी गतिविधियों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।
उच्चतम न्यायालय ने आज राजीव गांधी हत्याकांड के तीन दोषियों संथन, मुरूगन और पेरारिवलन की रिहाई पर रोक लगा दी और यथास्थिति बनाये रखने का आदेश दिया। जयललिता सरकार ने कल राज्य विधानसभा में राजीव गांधी हत्याकांड के सभी सातों आरोपियों को रिहा करने के फैसले का ऐलान किया था। इससे एक दिन पूर्व उच्चतम न्यायालय ने संथन, मुरूगन और पेरारिवलन की मृत्युदंड की सजा को उम्रकैद में बदल दिया था। (एजेंसी)
First Published: Thursday, February 20, 2014, 22:26