कर्ण सिंह ने राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष की पेशकश ठुकराई

कर्ण सिंह ने राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष की पेशकश ठुकराई

नई दिल्ली : वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं सांसद डॉ. कर्ण सिंह ने राज्यसभा में विपक्ष का नेता बनने के प्रस्ताव को संभवत: अस्वीकार कर दिया है।

83 वर्षीय सिंह फिलहाल उच्च सदन में कांग्रेस के उप नेता हैं। समझा जाता है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उनको विपक्ष का नेता बनने की पेशकश की थी। पिछले हफ्ते कांग्रेस संसदीय दल ने सोनिया को दोनों सदनों का नेता चुनने के लिए अधिकृत किया था।

कर्ण सिंह को इस पद की पेशकश किया जाना इस बात की ओर संकेत करता है कि मनमोहन सिंह ने विपक्ष का नेता बनने से इंकार कर दिया है। मनमोहन प्रधानमंत्री के साथ-साथ पिछले 10 साल से उच्च सदन के नेता भी थे। इससे पहले वह वाजपेयी सरकार के शासनकाल में इसी सदन में विपक्ष के नेता थे।

समझा जाता है कि कर्ण सिंह ने संस्कृति के क्षेत्र में अपनी अन्य व्यस्तताओं के चलते इस पद को लेने में अपनी असमर्थता से सोनिया गांधी को अवगत करा दिया है। राज्यसभा में पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं में एके एंटनी, गुलाम नबी आजाद, जनार्दन द्विवेदी, दिग्विजय सिंह और जयराम रमेश शामिल हैं।

अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कांग्रेस लोकसभा में विपक्ष के नेता पद के लिए क्या करेगी जहां उसके पास अब केवल 44 सदस्य हैं। इसके लिए जिन नामों पर चर्चा चल रही है उनमें इस बार नौवीं बार लोकसभा में जीतकर आये कमलनाथ तथा पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री वीरप्पा मोइली का नाम शामिल है। बहरहाल, पार्टी के अंदरूनी सूत्रों ने कहा कि अधिकतर लोग चाहते हैं कि यह पद सोनिया या राहुल गांधी संभालें। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, May 28, 2014, 21:29

comments powered by Disqus