Last Updated: Friday, December 27, 2013, 18:42

गाजियाबाद : दिल्ली के मुख्यमंत्री बनने जा रहे अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को अपने गुरु अन्ना हजारे से बात की और शनिवार को रामलीला मैदान में अपने शपथ ग्रहण समारोह में शरीक होने के लिए उन्हें न्योता दिया।
आम आदमी पार्टी सूत्रों ने बताया कि अरविंद ने अन्ना से आज सुबह फोन पर बात की और उनसे कल शपथ ग्रहण समारोह में शरीक होने को कहा। हालांकि, इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि अन्ना कार्यक्रम में शिरकत करेंगे क्योंकि पिछले कुछ दिनों से उनका कहना है कि वह स्वास्थ्य खराब होने के चलते नहीं आ सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि अन्ना को उपराज्यपाल ने भी समारोह में शामिल होने के लिए एक आधिकारिक आमंत्रण भेजा है।
आप संयोजक अन्ना को अपना राजनीतिक गुरू मानते हैं। 2011 में दोनों ही लोगों ने जनलोकपाल विधेयक लाने के लिए भ्रष्टाचार रोधी आंदोलन शुरू किया था। पिछले साल केजरीवाल के खुद की राजनीतिक पार्टी खड़ी करने के फैसले पर दोनों के बीच दूरियां बढ़ गई जबकि अन्ना ने गैर राजनीतिक रहने का ही फैसला किया। हाल में ही 76 वर्षीय गांधीवादी कार्यकर्ता ने भ्रष्टाचार रोधी विधेयक लाने को लेकर दबाव बनाने के लिए अनशन किया था। आखिरकार 16 दिसंबर को यह विधेयक संसद में पारित हो गया। (एजेंसी)
First Published: Friday, December 27, 2013, 18:42