कुमारी सेलजा ने मंत्री पद छोड़ा, पार्टी के लिए काम करेंगी

कुमारी सेलजा ने मंत्री पद छोड़ा, पार्टी के लिए काम करेंगी

कुमारी सेलजा ने मंत्री पद छोड़ा, पार्टी के लिए काम करेंगी नई दिल्ली : कुमारी सेलजा ने कांग्रेस पार्टी में काम करने के लिए केन्द्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया है। पार्टी ने उन्हें हरियाणा से राज्यसभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

कुमारी सेलजा के करीबी सूत्रों ने बताया कि सेलजा ने मंगलवार रात प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को अपना इस्तीफा सौंप दिया। वह अक्तूबर 2012 से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।

51 वर्षीय सेलजा का इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब कांग्रेस आलाकमान लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी में फेरबदल में जुटा है। सेलजा को हरियाणा के मुख्यमंत्री भुपेन्द्र सिंह हुड्डा का विरोधी माना जाता है।

चार बार से लोकसभा सदस्य सेलजा ने पार्टी द्वारा उनके गृह राज्य हरियाणा से उन्हें राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाए जाने के तुरंत बाद मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। हरियाणा में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि कुमारी सेलजा को लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी कार्यों में लगाया जा रहा है। पार्टी आलाकमान हरियाणा के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की तलाश में है। पहले इस पद के लिए अशोक तंवर का नाम लिया जा रहा था। सैलजा 1990 से सक्रिय राजनीति में हैं और पहली बार 1991 में चुनाव जीती थीं। वह पूर्व केन्द्रीय मंत्री चौधरी दलबीर सिंह की बेटी हैं। वह हरियाणा में पार्टी का प्रमुख दलित चेहरा हैं।

हाल के दिनों में केन्द्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा देने वाली वह दूसरी महिला मंत्री हैं। इससे पहले जयंति नटराजन ने वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से इस्तीफा दिया था। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, January 28, 2014, 19:12

comments powered by Disqus