Last Updated: Sunday, February 2, 2014, 20:06
कोल्लम (केरल) : कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनावों को ‘कुरूक्षेत्र युद्ध’ के रूप में लेने की अपील करते हुए रक्षा मंत्री एके एंटनी ने आज कहा कि विरोधियों की जीत सिद्धांतों को नष्ट कर देगी।
जिला कांग्रेस समिति की बैठक को संबोधित करते हुए एंटनी ने कहा, ‘आगामी लोकसभा चुनाव कुरूक्षेत्र युद्ध है। कांग्रेस की जीत अनिवार्य है। यह पार्टी के लिए सिर्फ सत्ता बनाए रखना नहीं है। राष्ट्रीय मूल्यों एवं विरासत की रक्षा करना भी आवश्यक है।’ भाजपा की तरफ से पेश चुनौती का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘युद्ध रेखा के दूसरी तरफ जो लोग हैं, वो मूल्यों को कमतर करने वाले हैं और अगर कांग्रेस हारती है तो देश का नुकसान होगा।’ उन्होंने कहा कि भारत के पास समृद्ध सांस्कृतिक विरासत है।
उन्होंने कहा, ‘कोई भी देश उतना मजबूती से धर्मनिरपेक्ष नहीं है जितना हमारा देश है। हम इसे कमजोर होते नहीं देख सकते।’ उन्होंने माकपा के नेतृत्व वाले वामपंथी दलों पर प्रहार करते हुए कहा, ‘वह स्थिति को समझने में विफल रहे और उस मुताबिक काम नहीं किया।’ इसके विपरीत कांग्रेस ने लोगों की बात सुनी और उनकी जरूरतों के मुताबिक आवश्यक बदलाव किए।
एंटनी ने कहा कि उदाहरण के लिए पार्टी ने उन कारकों पर गौर किया जो पिछले विधानसभा चुनावों में इसकी हार के कारण बने और एलपीजी सब्सिडी जैसे मामलों में आवश्यक सुधार किए। केरल का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस नीत यूडीएफ का आधार मजबूत है और यह न केवल वर्तमान सीटों को बचाएगी बल्कि एलडीएफ से ज्यादा सीटें जीतेगी। (एजेंसी)
First Published: Sunday, February 2, 2014, 20:06