लखनऊ तो जीत लिया, अब दिल्ली की बारी: मुलायम

लखनऊ तो जीत लिया, अब दिल्ली की बारी: मुलायम

लखनऊ तो जीत लिया, अब दिल्ली की बारी: मुलायमलखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को कहा कि लखनऊ तो जीत लिया, अब दिल्ली की बारी है। ऐसी स्थिति बने कि बिना सपा के समर्थन के केंद्र में कोई सरकार न बन सके। इससे पार्टी और इसके कार्यकर्ताओं और नेताओं का रुतबा भी बढ़ेगा। यादव पार्टी मुख्यालय में बड़ी संख्या में एकत्र पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

मुलायम ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद सपा सरकार में जनहित का कोई काम नहीं रुक रहा है। यह सबसे बेहतर सरकार है। इसने किसानों, नौजवानों और मुसलमानों के कल्याण की तमाम योजनाएं चलाई हैं। चुनावी घोषणा पत्र के वायदे पांच साल के लिए थे जिनमें से अधिकांश डेढ़ साल में ही पूरे कर दिए गए हैं और शेष भी जल्द पूरे कर दिए जाएंगे।

मुलायम ने कहा कि सपा ही एक ऐसी पार्टी है जिसकी सरकारें अपने वायदे निभाती हैं। चुनाव के समय किए गए वायदे को निभाते हुए 50 हजार रुपये तक किसानों का कर्ज माफ किया, मुफ्त सिंचाई, दवाई और पढ़ाई की सुविधा दी। उन्होंने कहा कि दिल व किडनी संबंधी गंभीर बीमारियों तथा कैंसर का इलाज मंहगा होता है, अस्पतालों में इसके मुफ्त इलाज की व्यवस्था कर दी गई है। सरकार इलाज के लिए आर्थिक मदद भी दे रही है। जिन नौजवानों को नौकरी नहीं मिल पाई उन्हें बेकारी भत्ता दिया जा रहा है।

यादव ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे सरकार की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने लोकसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा सीटों पर सपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। उल्लेखनीय है इस मौके पर काबीना मंत्री अम्बिका चौधरी, ओमप्रकाश सिंह, नारद राय, मुंबई (महाराष्ट्र) सपा अध्यक्ष अबू आसिम आजमी तथा पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राम आसरे विश्वकर्मा मौजूद थे। (एजेंसी)

First Published: Monday, December 2, 2013, 23:23

comments powered by Disqus