मंगल मिशन : मोदी ने इसरो वैज्ञानिकों को दी बधाई

मंगल मिशन : मोदी ने इसरो वैज्ञानिकों को दी बधाई

नई दिल्ली : भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने ‘मंगलयान’ के सफल प्रक्षेपण को भारत के लिए शुभ बताया और इसके लिए इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस कामयाबी ने भारत को चुनिंदा देशों के श्रेणी में शामिल कर दिया है।

पार्टी के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी के निवास पर संवाददाताओं से बातचीत के दौरान मोदी ने कहा, ऐसा कहा जाता है कि मंगल और पृथ्वी एक दूसरे से जुड़े हैं। ‘‘इस अनुसंधान से मानव जाति को (दोनों ग्रहों के बीच) संबंधों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी।’’ उन्होंने कहा कि मंगलयान का प्रक्षेपण भारत के लिए शुभ साबित होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘चंद्रयान मिशन की सफलता के समय मैं वैज्ञानिकों और तकनीशियनों को बधाई देने वहां (इसरो) गया था। आज, मैं वहां नहीं जा सका हूं, लेकिन मैं मंगल मिशन के सफल प्रक्षेपण से जुड़े सभी लोगों को बधाई देता हूं।’’
भौतिक विज्ञान के प्रोफेसर रह चुके जोशी ने कहा कि यह समय है कि भारत ठोस इ’धन प्रौद्योगिकी में और अधिक गंभीरता से काम करे क्योंकि इससे प्रक्षेपण यानों को ज्यादा सघन और हल्का बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा, भारत के लोगों का विश्वास है कि मंगल, पृथ्वी का पुत्र है। यह अनुसंधान यह स्थापित करने में सहायक होगा कि इस लाल ग्रह पर पूर्व में जीवन था या वहां जीवन संभव है। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, November 5, 2013, 20:10

comments powered by Disqus