Last Updated: Friday, March 14, 2014, 22:15

नागपुर : मीडिया पर दिए गए अपने विवादित बयान से बेपरवाह आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को यह कहते हुए मीडिया को निशाना बनाना जारी रखा कि नरेंद्र मोदी को आगे बढ़ाने के लिए विकास के गुजरात मॉडल पर किया जा रहा प्रचार-प्रसार दरअसल एक राजनीतिक साजिश है।
केजरीवाल ने कहा, ‘मीडिया के कुछ लोगों ने मोदी को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। एक कहानी गढ़ी गई है कि गुजरात विकसित हो गया। यह एक राजनीतिक साजिश है। गुजरात मॉडल के बारे में दरअसल यह एक तरह का राजनीतिक प्रचार-प्रसार है।’ उन्होंने गुजरात दंगों के मुद्दे पर मोदी पर निशाना साधा और कहा कि उन धब्बों को मिटाना मुश्किल है।
केजरीवाल ने सवालिया लहजे में कहा, ‘आप (मोदी) गुजरात दंगों के दाग कैसे साफ करेंगे?’ ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक यहां महाराष्ट्र में अपने तीन दिवसीय रोड शो के समापन पर एक रैली को संबोधित कर रहे थे। ‘आप’ की नेता अंजलि दमानिया यहां भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ेंगी।
मीडियाकर्मियों को जेल भेजने के बारे में बयान देकर राष्ट्रीय स्तर पर विवाद को जन्म देने वाले केजरीवाल ने अपने समर्थकों से कहा कि उनके (मीडिया के) खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए या नहीं। जेटली ने कहा कि आप नेता भीड़ की भावना को देखकर अपनी बात रखते हैं। ‘ऐसे लोग लोकतांत्रिक संस्थाओं के लिए खतरनाक होते हैं।’ भाजपा नेता ने कहा कि चुनावी हार की आशंका को देखते हुए सलमान खुर्शीद और अरविन्द केजरीवाल जैसे नेताओं को यह नहीं मानना चाहिए कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के साथ समझौता किया गया है।
राकांपा नेता तारिक अनवर ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका और इसकी आजादी काफी अहम है और इस पर कोई दबाव डालना उचित नहीं है। अनवर ने कहा, ‘अगर वह मीडिया के खिलाफ इस तरह की बात कर रहे हैं तो उन्हें महसूस होना चाहिए कि आज उनकी जो पहचान है, वह मीडिया की वजह से है।’ उन्होंने कहा कि केजरीवाल को इस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
केजरीवाल द्वारा मीडिया पर ‘लगातार हमले’ की एडिटर्स गिल्ड ने निंदा की और कहा कि ‘यह असहिष्णु मानसिकता’ दर्शाता है। एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एन. रवि ने यहां एक बयान में कहा, ‘आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल द्वारा मीडिया पर बारृबार हमला सभ्य लोकतांत्रिक चर्चा के नियमों का उल्लंघन है और गिल्ड इसकी निंदा करता है।’ (एजेंसी)
First Published: Friday, March 14, 2014, 22:15