Last Updated: Thursday, February 20, 2014, 21:47
ज़ी मीडिया ब्यूरो अहमदाबाद : भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को यूपीए सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता ने अपना फैसला अब कर लिया है। देश को अब बदलाव की जरूरत है।
अहमदाबाद में विजय शंखनाद रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पहली बार जनता ने चुनाव के पहले अभिव्यक्ति दे दी है। इस बार देश की जनता चुनाव लड़ रही है। ये चुनाव जनता जर्नादन का चुनाव है। मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के नेता कीचड़ उछाल सकते हैं और उनके पीछे सीबीआई को लगा देते हैं लेकिन इससे उन्हें देश की सेवा करने से नहीं रोका जा सकता।
युवाओं तक पहुंच बनाने के लिए भावनात्मक लहजे में गुजरात के मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने किसी पद या प्रसिद्धि के लिए अपना घर नहीं छोड़ा था। शहर में एक विशाल युवा रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि अगर मैं सच बोलता हूं तो संप्रग सरकार के सभी मंत्री नाखुश हो जाते हैं, उन्हें बुरा लगता है और उदास हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि इसकी एक वजह है। पिछले 60 साल से किसी ने उन्हें चुनौती नहीं दी है। उन्हें लग रहा है कि एक चाय बेचने वाला इतनी बड़ी सल्तनत को चुनौती कैसे दे सकता है जिसने लगातार कई साल तक निर्बाध देश में शासन किया। मोदी ने कहा कि कांग्रेस उन पर निशाना साधने के अवसर तलाशती रहती है।
2014 के लिए जनता ने अपना फैसला कर लिया है। ये चुनाव नई उमंग और नई दिशा लेकर आई है। मोदी ने यह भी कहा कि बीते दस वर्षों में देश ने काफी दुर्दशा देखी है। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा है। जनता का यह आक्रोश निराशा के माहौल की वजह से है। देश वादों से तंग आ चुका है, देश को अब इरादा चाहिए। इसलिए बीजेपी पूरे इरादे लेकर आई है।
उन्होंने कहा कि मैं हर जन्म में देश की सेवा करने के लिए यहां आया हूं। अगर इस जन्म में मुझे यह अवसर नहीं मिला तो मैं अगले जन्म में फिर देश की जनता की सेवा के लिए यहां आउंगा। देश में युवाओं के लिए संप्रग सरकार की नीति पर मोदी ने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों की जिम्मेदारी है कि नौजवानों के बारे में सोचें, उन्हें कौशल विकास प्रशिक्षण दिया जाए, रोजगार दिया जाए।
उन्होंने कहा कि पिछले साल के बजट में केंद्र सरकार ने दावा किया था कि वह 10 लाख युवकों को कौशल का प्रशिक्षण देगी और 1,000 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया था। लेकिन हकीकत में उन्होंने पिछले साल केवल 18,352 युवकों को प्रशिक्षण दिया है। मोदी ने कहा कि यह पांच प्रतिशत काम ही हुआ है। इस दर से तो कांग्रेस की सरकार अगले 20 साल में लक्ष्य को हासिल कर पाएगी।
First Published: Thursday, February 20, 2014, 18:52