Last Updated: Sunday, March 9, 2014, 16:13
ज़ी मीडिया ब्यूरोमुंबई : महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी का समर्थन करेगी। राज ठाकरे ने कहा कि मनसे चुनाव जीतने के बाद मोदी का समर्थन करेगी। राज ठाकरे ने हालांकि कहा कि लोकसभा चुनाव में वह भाजपा और शिवसेना दोनों के खिलाफ अपने उम्मीदवार खड़े करेंगे।
इसके पहले मीडिया में रिपोर्ट में आई थी कि राज ठाकरे महाराष्ट्र में भाजपा के उम्मीदवारों के खिलाफ अपने प्रत्याशी खड़े नहीं करेंगे।
ज्ञात हो कि भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी कुछ दिनों पहले मुंबई में राज ठाकरे से मुलाकात की थी। इसके बाद से भाजपा और एमएनएस को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। आज मनसे का 8वां स्थापना दिवस है।
एमएनएस के पार्टी उपाध्यक्ष वागीश सारस्वत ने शनिवार को कहा, ‘हम एक राजनीतिक पार्टी हैं और हमारे लिए सभी चुनाव अहम हैं। मनसे कोई ‘मित्र मंडल’ नहीं है।’ भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी, नेता प्रतिपक्ष विनोद तावड़े और भाजपा की मुंबई इकाई के अध्यक्ष आशीष शेलार ने पिछले कुछ दिनों में राज से मुलाकात की है।
भाजपा नेताओं ने राज से अनुरोध किया है कि वह लोकसभा चुनाव न लड़ें और इसके बदले में भाजपा इस साल के अंत में होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में मनसे की मदद करेगी। भाजपा नेताओं की यह भी मांग है कि मनसे के 12 विधायक 20 मार्च को होने वाले विधान परिषद चुनावों में भाजपा उम्मीदवारों का समर्थन करें।
उन्होंने कहा, ‘राज साहेब रविवार को बताएंगे कि उन्होंने भाजपा के प्रस्तावों पर क्या फैसला किया है।’ सारस्वत ने कहा कि राज ठाकरे ने चुनावों में अपनायी जाने वाली रणनीति के सकारात्मक और नकारात्मक पहलुओं पर अपने वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों से चर्चा की है। (एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Sunday, March 9, 2014, 13:08