मेरठ में मोदी का सोनिया, मुलायम पर प्रहार, कहा-कांग्रेस ने बोया जहर | Narendr Modi

मेरठ में मोदी का सोनिया, मुलायम पर प्रहार, कहा-कांग्रेस ने बोया जहर

मेरठ में मोदी का सोनिया, मुलायम पर प्रहार, कहा-कांग्रेस ने बोया जहरज़ी मीडिया ब्यूरो

मेरठ (उत्तर प्रदेश) : भारतीय जनता पार्टी के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद मोदी ने रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव पर जमकर हमला बोला। मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के 'जहर की खेती' वाले बयान का जवाब दिया। मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस देश में सबसे ज्यादा समय तक शासन किया है और चूंकि सोनिया गांधी चने सत्ता को जहर कहा है, इसलिए सबसे ज्यादा जहर कांग्रेस पार्टी ने बोया है। जबकि मुलायम सिंह यादव पर हमला बोलते हुए मोदी ने कहा कि राज्य में किसानों का बुरा हाल है।

भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार मोदी ने 'विजय शंखनाद' रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘सोनिया गांधी ने राहुल से कहा कि सत्ता जहर है। पिछले 60 वर्षों में कौन सबसे अधिक समय तक सत्ता में रहा? किसके पेट में सबसे अधिक जहर गया? कौन जहर फैला रहा है? कौन जहर बो रहा है? केवल कांग्रेस जहर बो रही है।’’ उन्होंने कहा कि लोग कांग्रेस से जबाव मांगते हैं कि किसान क्यों आत्महत्या कर रहे हैं और वह जवाब देती हैं कि लोग जहर का बीज बो रहे हैं।

मोदी, राहुल गांधी की उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी मां सोनिया गांधी ने उन्हें बताया कि सत्ता जहर है। मोदी ने अपने संबोधन के दौरान सोनिया गांधी के ‘जहर की खेती’ जुमले का भी उल्लेख किया और कहा कि कांग्रेस ने ‘बांटो और राज करो’ के आधार पर शासन किया है।

सोनिया पर मोदी का प्रहार कांग्रेस अध्यक्ष की कर्नाटक की उस रैली का जवाब है जिनमें उन्होंने मोदी और भाजपा पर विभाजनकारी राजनीति और जहर की खेती करने तथा सत्ता के लिए हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था। मेरठ में विजय शंखनाद रैली में करीब एक घंटे के अपने संबोधन में मोदी ने कांग्रेस के साथ उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ समाजवादी पार्टी और दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार पर भी निशाना साधा और लोकसभा चुनाव में अपनी पार्टी के लिए जनादेश मांगते हुए स्वयं को लोगों के पैसे की रखवाली करने वाला ‘चौकीदार’ बताया।

भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ने कहा कि उन्होंने गुजरात को दंगा मुक्त बनाया और अगर उनकी पार्टी सत्ता में आयी तो उत्तरप्रदेश को भी दंगा मुक्त बनायेंगे। कांग्रेस पर राज्यों एवं समुदायों के बीच खाई को बढाने का आरोप लगाते हुए मोदी ने तेलंगाना मुद्दे का जिक्र किया और कहा कि जिस तरह से कांग्रेस इस मुद्दे से निपट रही है, उसने पूरे राज्य को इस आग में झोंक दिया। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली राजग सरकार के समय तीन राज्य छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और झारखंड का गठन हुआ और उस समय सभी जगह त्यौहार का माहौल था।

मोदी ने कहा, ‘‘आप बांटो और राज करो की नीति पर काम कर रहे हैं। आप जहर का बीज बो रहे हैं और देश को बर्बाद कर रहे हैं।’’ आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि दिल्ली को ग्लोबल सिटी के रूप में विकसित होना चाहिए लेकिन यहां अरूणाचल प्रदेश के एक विधायक के बेटे की हत्या होती है और अफ्रीकी महिलाओं के साथ बदसलूकी की जाती है। इन घटनाओं से सिर शर्म से झुक जाता है। 1857 के स्वतंत्रता संग्राम और मेरठ का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान रोटी और कमल का संदेश आगे बढ़ाया गया था और अब एक बार फिर 2014 में रोटी के लिए ‘कमल’ लेकर आना है।

मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नीत संप्रग सरकार ने देश में 1857 और लोगों के त्याग एवं बलिदान की गाथा को भुला दिया, क्योंकि कांग्रेस वषरे से झूठ फैला रही है कि स्वतंत्रता संग्राम में उसका ही योगदान है।

उत्तरप्रदेश की समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बिजली जाना खबर नहीं है बल्कि बिजली आना खबर है। लोगों में यह चर्चा का विषय है कि किस दिन और कब बिजली आई। गुजरात में 365 दिन बिजली रहती है।

भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ने कहा कि राम मनोहर लोहिया को मानने वाले लोगों को किसानों की रत्ती भर भी चिंता नहीं है। गन्ने के किसानों का हाल देखकर काफी चिंता होती है। 60 लाख से अधिक गन्ना किसानों को पेटभर रोटी नसीब नहीं हो पा रही है। चीनी मिले पैसा नहीं दे रहीं हैं, मिलों तक गन्ना नहीं पहुंच रहा है और मिलें नहीं चल रही हैं।

सपा प्रमुख मुलायम सिंह का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि पिछले दिनों नेताजी ने कहा था कि उत्तरप्रदेश सरकार का कल्याण बजट गुजरात से ज्यादा है। ‘‘मेरा सवाल यह है कि मेरे यहां कम बजट में लोग खुशहाल हैं जबकि उत्तर प्रदेश में ज्यादा बजट के बावजूद लोग परेशान क्यों हैं?’’

उत्तर प्रदेश में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए मोदी ने कहा कि प्रदेश में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति काफी खराब है और बहन, बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। इन्हें भी जीने का अवसर दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का नाम बदलकर समाज विरोधी पार्टी कर दिया जाना चाहिए। ‘‘महिलाएं घर से निकलने में भय महसूस करती हैं। मुलायम सिंहजी, अखिलेश सिंहजी कम से कम यह सुनिश्चित करें कि महिलाएं सम्मान से जी सकें।’’ मोदी ने कहा कि मेरठ में हर सप्ताह दंगे जैसी स्थिति पैदा होती है। उन्होंने कहा कि 10 वर्ष पहले गुजरात में ऐसी ही स्थिति थी। अब गुजरात दंगा मुक्त है और विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।

मोदी ने चुनौती दी कि अगर समाजवादी पार्टी प्रतिस्पर्धा करती है तो रैलियां आयोजित करने की बजाए कानून एवं व्यवस्था, कल्याण, किसानों के मुद्दे पर करें। रालोद नेता अजीत सिंह का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनके नागर विमानन मंत्री होने के बावजूद क्षेत्र में एक भी हवाई अड्डा नहीं है। (एजेंसी इनपुट के साथ)

First Published: Sunday, February 2, 2014, 14:38

comments powered by Disqus