Last Updated: Monday, February 24, 2014, 22:43
गन्नौर (हरियाणा) : राहुल गांधी ने आज आरोप लगाया कि भाजपा लोगों को ‘स्थानीय और बाहरी लोग’ के रूप में विभाजित कर बांटने की राजनीति कर रही है पर, कांग्रेस के लिए कोई भी भारतीय बाहरी नहीं है। दिल्ली से करीब 70 किलोमीटर दूर सोनीपत जिले के इस गांव में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस के घोषणापत्र के लिए मुद्दे जुटाने को लेकर किसानों से बात करते हुए राहुल ने भाजपा और इसके प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा। राहुल ने आरोप लगाया कि भाजपा और मोदी ने बांटने की अपनी राजनीति के तहत दूसरे राज्य के प्रवासियों को ‘बाहरी’ लोग का नाम दे दिया है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी को आड़े हाथ लेते हुए कहा, ‘‘भाजपा शक्तियों को केंद्रित करने में यकीन रखती है। उन्हें लगता है कि एक या दो लोग देश चला सकते हैं..उन्हें लगता है कि पूरा ज्ञान सिर्फ एक आदमी के पास है जो सब कुछ कर सकता है। कांग्रेस में हम लोगों को शक्तियां देने में यकीन रखते हैं।’’ राहुल ने प्रवासियों और खासतौर पर कच्छ में सिख किसानों के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि कांग्रेस और भाजपा अलग अलग सोचती है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे लिए हर कोई स्थानीय है। यहां तक कि अमेरिका में रहने वाला भारतीय भी एक स्थानीय व्यक्ति है। उनके (भाजपा के) लिए महाराष्ट्र में एक यूपी वाला बाहरी है, गुजरात में एक सिख बाहरी है, पंजाब में हरियाणा का कोई व्यक्ति बाहरी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारत में आप कहीं भी जा सकते हैं, हमारे लिए (सभी नागरिक) आप एक स्थानीय व्यक्ति हैं..वे जहां कहीं जाते हैं, किसी को स्थानीय बताते हैं तो किसी को बाहरी बताते हैं। यह उनकी राजनीति है। यह उनमें और हमारे बीच अंतर है।’’ गुजरात के कच्छ क्षेत्र में सिख किसानों के भूमि अधिकारों पर रोक लगाने वाले प्रशासन के फैसले का वह हवाला दे रहे थे।
राहुल ने कहा कि गुजरात से सिख किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पार्टी के लोगों से मुलाकात की। वे हमसे पूछ रहे थे कि वे भारतीय हैं या बाहरी हैं? हम पाकिस्तान से आएं, जमीन को खेती लायक बनाया और आज हमसे कहा जा रहा है कि आप बाहरी हैं। हालांकि मोदी ने पंजाब के जगरांव में कल एक रैली को संबोधित करते हुए कच्छ क्षेत्र में बसे सिख किसानों को यह भरोसा दिलाने की कोशिश की थी कि उनमें से किसी को अपनी खेती बाड़ी नहीं छोड़नी पड़ेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बारे में एक ‘गलतफहमी अभियान’ चलाया जा रहा है कि भाजपा सरकार सिख किसानों को हटाने की कोशिश कर रही है जो दशकों से वहां खेती कर रहे हैं।
राहुल ने कांग्रेस की उपलब्धियों का भाजपा द्वारा श्रेय लेने का भी आरोप लगाया। राहुल ने आज कहा कि कंप्यूटरीकरण पर जोर देने को लेकर उनके पिता दिवंगत राजीव गांधी को ‘कंप्यूटर बॉय’ कहा गया। सफेद कुर्ता पायजामा पहले राहुल ने कहा, ‘‘अटल बिहारी वाजपेयी और लाल कृष्ण आडवाणी जैसे शीर्ष नेताओं ने मजाक उड़ाते हुए सवाल किया कि कंप्यूटर भारत को कैसे मदद करेगा। उनकी (राजीव गांधी) हत्या के 15 साल बाद वाजपेयी और प्रमोद महाजन ने कहा कि उन्होंने हमेशा ही कंप्यूटरीकरण के बारे में बात की है।’’ राहुल ने कहा कि कुछ साल बाद वह (भाजपा) खाद्य सुरक्षा विधेयक, मनरेगा और अन्य योजनाओं पर दावा करेगी..कांग्रेस ने श्वेत क्रांति की, जबकि गुजरात में भाजपा कहती है कि उसने ऐसा किया। (एजेंसी)
First Published: Monday, February 24, 2014, 22:43