बिहार में भी `नमो` की लहर, भाजपा को मिल सकती हैं 24 सीटें

बिहार में भी `नमो` की लहर, भाजपा को मिल सकती हैं 24 सीटें

बिहार में भी `नमो` की लहर, भाजपा को मिल सकती हैं 24 सीटें ज़ी मीडिया ब्यूरो

नई दिल्ली : भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की लहर देश भर में चल रही है, इस बात की तस्दीक चुनावी सर्वेक्षण भी कर रहे हैं। हाल ही में किए गए एक चुनावी सर्वे में यह बात सामने आई है कि लोकसभा चुनाव में भाजपा बिहार में सबसे बड़े दल के रूप में उभरेगी। एक समाचार चैनल और एक सर्वेक्षण एजेंसी की ओर से बिहार में किए गए सर्वे में भाजपा सबसे अधिक सीट जीतती हुई दिखाई दे रही है।

सर्वे में मोदी मैजिक के सामने जद-यू, राजद, कांग्रेस और लोजपा कहीं टिक नहीं पा रहे हैं। बिहार में लोकसभा की 40 सीटें हैं। सर्वे के मुताबिक भाजपा को राज्य में 24 सीटें मिलती हुई दिख रही हैं, अभी भाजपा की राज्य में 12 सीटें हैं। सबसे ज्यादा नकुसान नीतीश कुमार का हो रहा है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नरेंद्र मोदी के नाम पर ही बीजेपी से नाता तोड़ा था, लेकिन सर्वे की मानें तो नीतीश का भाजपा से अलग होने का फैसला सही नहीं है। गठबंधन तोड़ने का नुकसान नीतीश को उठाना पड़ा सकता है। सर्वे के अनुसार लोकसभा चुनाव में जद-यू को केवल छह सीटें मिलेंगी। नीतीश की पार्टी को 14 सीटों का नुकसान हो सकता है। अभी जद-यू के पास लोकसभा की 20 सीटें हैं। जबकि आरजेडी इस चुनाव के साथ बिहार की सियासत में दोबारा वापसी कर सकती है।

ओपिनियन पोल के मुताबिक आरजेडी को पांच सीटें मिल सकती हैं यानी उसे एक सीट का फायदा हो सकता है। जबकि दलित नेता और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष रामविलास पासवान की पार्टी इस बार एक सीट जीतने में कामयाब हो सकती है।

बिहार में अपनी जमीन तलाश रही कांग्रेस के लिए इस बार भी बुरी खबर है। सर्वे के मुताबिक उसे दो सीटें मिल सकती हैं। जबकि दो सीटें अन्य के खाते में जा सकती हैं।

First Published: Friday, January 24, 2014, 23:07

comments powered by Disqus