राहुल गांधी के सामने मोदी, केजरीवाल सब फेल : लालू

राहुल गांधी के सामने मोदी, केजरीवाल सब फेल : लालू

राहुल गांधी के सामने मोदी, केजरीवाल सब फेल : लालूमुजफ्फरनगर : मुजफ्फरनगर में दंगा पीड़ितों के राहत शिविरों का दौरा करने आए राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने राहुल गांधी की प्रशंसा करते हुए आज कहा कि नरेंद्र मोदी और अरविंद केजरीवाल कांग्रेस उपाध्यक्ष के सामने कुछ भी नहीं हैं। लालू प्रसाद ने यहां साम्प्रदायिक हिंसा के लिए भाजपा और सपा को दोषी ठहराया। राजद प्रमुख ने कहा कि उनका दल लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के साथ गठबंधन करेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘ राहुल के सामने केजरीवाल और मोदी कुछ नहीं है। आप लोगों ने उन्हें :केजरीवाल, मोदी को: चांद पर बैठा दिया है। आप ही हैं, जिन्होंने उनका प्रचार किया है। उन्होंने अब तक किया क्या है?’’ शामली में गत रविवार को राहुल गांधी के दौरे के एक सप्ताह बाद यहां दौरे पर आए लालू ने कांग्रेस उपाध्यक्ष के विचारों का समर्थन करते हुए कहा कि शिविरों में रह रहे लोगों को अपने गांवों में लौट जाना चाहिए। लालू ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ हम यहां पीड़ितों के आंसू पोंछने आए हैं। उन्हें अपने घर लौट जाना चाहिए। सरकार को इस कार्य में मदद करनी चाहिए।’’

लालू ने आम आदमी पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी लाल बत्ती वाली कारों और सुरक्षा आदि जैसी सुविधाएं लेने से इनकार करके ‘‘नाटक’’ कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘ आप भ्रष्टाचार के बारे में बात कर रही है, लेकिन वे खुद भ्रष्ट हैं।’’ लालू ने मोदी पर निशाना साधते हुए उनके निकट सहयोगी अमित शाह को ‘‘समाज को साम्प्रदायिक बनाने के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री का महाप्रबंधक’’ करार दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘वह (शाह) पूरे माहौल को खराब कर रहे हैं। यहां (उत्तर प्रदेश में) काम कर रहे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मोदी और अमित शाह इसके लिए जाने जाते हैं और देखिए दंगे हो गए। लोग यहां साथ मिलकर रहा करते थे लेकिन दंगे हो गए..।’’ लालू ने कहा, ‘‘ अमित शाह को उत्तर प्रदेश में पार्टी की चुनाव मुहिम संभालने के लिए भेजे जाने के बाद यहां साम्प्रदायिक हिंसा हुई। वह राज्य का माहौल खराब कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ भाजपा देश की दुश्मन है, हम भाजपा के दुश्मन है।’’ लालू ने कहा, ‘‘ जिन ताकतों ने अफवाह फैलाई थी कि भगवान गणेश दूध पी रहे हैं, वे पूरे समाज को साम्प्रदायिक बनाने और बाह्य एवं आंतरिक विभाजन को बढावा देने की कोशिश कर रही है। युवक मुख्य रूप से इसका शिकार हैं।’’ लालू को अल्पसंख्यक समुदाय के बीच एक लोकप्रिय नेता माना जाता है और उनकी पार्टी राजद ने मुख्य रूप से मुस्लिम-यादव समर्थन से 15 वर्ष तक बिहार में सत्ता संभाली। (एजेंसी)

First Published: Sunday, December 29, 2013, 16:04

comments powered by Disqus