Last Updated: Sunday, March 2, 2014, 08:57
ज़ी मीडिया ब्यूरो/प्रवीण कुमारलखनऊ : भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी, समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव और आम
आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल आज अलग-अलग शहरों में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। मोदी की रैली
लखनऊ में होगी, तो मुलायम इलाहाबाद में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। वहीं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कानपुर में चुनावी झाडू चलाएंगे।
भाजपा ने लखनऊ की विराट रमाबाई अम्बेडकर मैदान पर होने वाली नरेन्द्र मोदी की ‘विजय शंखनाद रैली’ को ऐतिहासिक
बनाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व यूपी के प्रभारी अमित शाह तथा प्रदेश अध्यक्ष डॉ.
लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने रैली स्थल पर तैयारियों की समीक्षा के बाद संवाददाताओं को बताया कि प्रदेश में विजय शंखनाद
श्रृंखला की यह आठवीं रैली होगी जिसके साथ प्रचार अभियान का पहला चरण पूरा हो जाएगा। अमित शाह ने दावा किया है
कि भाजपा की विजय शंखनाद रैली रमाबाई मैदान पर हुई अब तक की सबसे बड़ी रैली होगी। रविवार को दोहपर करीब एक
बजे नरेंद्र मोदी रैली को संबोधित करेंगे।
समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव और सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज इलाहाबाद के परेड मैदान में `देश बचाओ, देश बनाओ` रैली को संबोधित करेंगे। ये चौथा मौका है जब नरेंद्र मोदी और मुलायम सिंह यादव यूपी में एक ही दिन रैली कर रह रहे हैं। पूर्वाचल व अवध के दस जिलों की 11 लोकसभा सीटों पर दावेदारी पुख्ता करने के लिए खासी महत्वपूर्ण मानी जा रही इस रैली को सफल बनाने के लिए सपाइयों ने पूरी ताकत झोंक दी है। खराब मौसम के बावजूद माघ मेला क्षेत्र स्थित परेड मैदान में सभी तैयारियां पूरी होने का दावा किया गया है। नगर इस दौरान त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में रहेगा। सपा की ओर से रैली में दस जिलों से पांच लाख से अधिक समर्थकों के शामिल होने का दावा किया गया है।
आम आदमी पार्टी के नेता अरविन्द केजरीवाल आज दोपहर 12 बजे कानपूर में रैली करेंगे। केजरीवाल गाजियाबाद से कानपुर के लिए सड़क के रास्ते निकले हैं। वह हरदोई, उन्नाव होते हुए कानपुर पहुंचेंगे। कानपूर के रामलीला मैदान में रैली करने के बाद केजरीवाल शाम को उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे। यूपी के गाजियाबाद से आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने रोड शो शुरू किया है। तीन दिन में वह 15 लोकसभा सीटों का सफर तय करेंगे।
एडिशनल डायरेक्टर जनरल (लॉ एंड ऑर्डर) मुकुल गोयल ने कहा कि चुनावी सीजन में सभी रैलियां सुरक्षा के लिहाज से
महत्वपूर्ण हैं। लिहाजा सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पीएसी के अलावा आरएफ के जवानों को भी
तैनात किया गया है।
First Published: Sunday, March 2, 2014, 08:57