जम्मू की `ललकार रैली` में आज गरजेंगे नरेंद्र मोदी

जम्मू की `ललकार रैली` में आज गरजेंगे नरेंद्र मोदी

जम्मू की `ललकार रैली` में आज गरजेंगे नरेंद्र मोदी ज़ी मीडिया ब्यूरो

जम्मू : भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी आज जम्मू के मौलाना आजाद स्टेडियम में होने वाली ललकार रैली में एक बार फिर दिल्ली की केंद्र सरकार को ललकारेंगे। मोदी का जम्मू में दोपहर करीब 1.30 बजे ललकार रैली को संबोधित करने का कार्यक्रम है। इसके बाद मोदी आज शाम में दिल्ली के अंबेडकरनगर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।

मोदी के भव्य स्वागत के लिए जम्मू कश्मीर प्रदेश भाजपा ने पूरी तैयारी कर ली है। रैली में भाजपा एक लाख से अधिक की भीड़ जुटाने का दावा कर रही है। बीती देर रात तक राज्य के विभिन्न जिलों से लेकर पड़ोसी राज्य पंजाब व हिमाचल से करीब हजारों कार्यकर्ता जम्मू पहुंच चुके थे।

स्थानीय भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी ने एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है और रैली के सुचारू संचालन के लिए 23 टीमें बनायी हैं। उन लोगों के लिए बड़े बड़े टीवी स्क्रीन लगाए गए हैं जो रैली स्थल पर नहीं पहुंच सकते। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से रैली में पहुंचने की अपील कर रहे हैं।

मोदी की रैली में आतंकी हमले की आशंकाओं को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट जारी किया गया है। रैली स्थल के साथ-साथ जम्मू शहर में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रैली स्थल को पुलिस ने सील कर दिया है। शहर के विभिन्न प्रवेश मार्गों से गुजरने वाले वाहनों की गहन चेकिंग की जा रही है।

पुलिस महानिदेशक अशोक प्रसाद ने सुरक्षा इंतजाम की समीक्षा के लिए रैली स्थल का दौरा किया है। पुलिसकर्मी स्टेडियम को पूरी तरह सुरक्षित बनाने में जुटे हुए हैं। उनके साथ खोजी कुत्ते और मेटल डिटेक्टर भी है। पुलिस और अर्धसैनिक बल सुरक्षा के पहले घेरे के रूप में स्टेडियम और उसके बाहर तैनात किए गए हैं।

First Published: Sunday, December 1, 2013, 11:45

comments powered by Disqus