Last Updated: Friday, January 31, 2014, 08:45
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली: मुंबई के पुलिस कमिश्नर सत्यपाल सिंह ने इस्तीफा दे दिया है। महाराष्ट्र के गृह मंत्री आर आर पाटिल ने सत्यपाल सिंह के इस्तीफे की पुष्टि की है। पाटिल के मुताबिक उन्हें विभाग से पुलिस कमिश्नर के इस्तीफे की जानकारी मिली है। सूत्रों के मुताबिक सत्यपाल सिंह के बीजेपी या आम आदमी पार्टी में शामिल होने की बात कही जा रही है। माना जा रहा है कि वह इन दोनों पार्टियों में से किसी के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक बीजेपी आलाकमान की ओर से सत्यपाल को पार्टी ज्वाइन करने की हरी झंडी मिल गई है। बताया जाता है कि बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी और वर्तमान अध्यक्ष राजनाथ सिंह से सत्यपाल की कई बैठकें भी हो चुकी हैं। हालांकि सत्यपाल सिंह बीजेपी में शामिल होने की बात को नकारते रहे हैं। पुलिस प्रमुख सत्यपाल सिंह की पदोन्नति में विलंब किए जाने के मामले में महाराष्ट्र के गृह मंत्री आरआर पाटिल कई राजनैतिक पार्टियों के निशाने पर आए थे।
ऐसा कहा जाता है कि सत्यपाल सिंह की पदोन्नति की जो फाइल मुख्यमंत्री पृथ्वी राज चव्हाण को एक अप्रैल 2013 को मिल जानी चाहिए थी वह पांच माह बाद 30 सितंबर 2013 को मिली। सिंह की पुलिस महानिदेशक के तौर पर पदोन्नति होनी थी। यही वजह उनके इस्तीफे की वजह बताई जा रही है।
(एजेंसी)
First Published: Friday, January 31, 2014, 08:45