मुस्लिम आज भी करते हैं सपा पर ही भरोसा : मुलायम

मुस्लिम आज भी करते हैं सपा पर ही भरोसा : मुलायम

मुस्लिम आज भी करते हैं सपा पर ही भरोसा : मुलायमलखनऊ: समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने दावा किया कि उनकी पार्टी ने ही मुसलमानों की भाषा, संस्कृति तथा पहचान को सम्मान दिलाया है और मुस्लिम आज भी सपा पर ही विश्वास करते हैं।

यादव ने सपा की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में आज कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं। ऐसे में सपा के खिलाफ कई तरह की साजिशें रची जाएंगी। इनसे सतर्क रहकर आगामी लोकसभा चुनाव में सपा प्रत्याशियों को जिताना होगा। तभी केन्द्र में सपा की नीतियां लागू की जा सकेंगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में मुस्लिमों की बहुत बेकद्री हुई है और भाजपा राज में गुजरात में उनका कत्लेआम हुआ। सपा ने ही मुसलमानों की भाषा, संस्कृति तथा पहचान को सम्मान दिलाया है और मुस्लिम आज भी सपा पर ही विश्वास करते हैं।

लोकसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा सीटें दिलाने के लिये पूरा जोर लगाने का कार्यकर्ताओं का आहवान करते हुए यादव ने कहा कि चुनाव में जीत की लिये जमीनी स्तर यानी बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करना होगा और प्रदेश सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना होगा।

सपा के प्रान्तीय अध्यक्ष और राज्य के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मौके पर कहा कि लोकसभा चुनाव जीतने का इससे अच्छा मौका नहीं मिलेगा। प्रदेश में अस्थिरता पैदा करने वालों की चुनौती स्वीकार करके हमें सपा को लोकसभा की ज्यादा से ज्यादा सीटें जिताने के लिये कमर कसनी होगी। बैठक में सपा के प्रान्तीय प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने राजनीतिक-आर्थिक प्रस्ताव पेश किया जिसमें साम्प्रदायिक ताकतों की चुनौती को स्वीकार करते हुए धर्मनिरपेक्षता की लड़ाई को मजबूती से लड़ने का निश्चय किया गया।

प्रस्ताव में कांग्रेस तथा भाजपा पर सपा को घेरने के लिये गुजरात से आयातित नेताओं का सहारा लेकर उत्तर प्रदेश को ‘गुजरातरूपी प्रयोगशाला’ बनाने की साजिश का आरोप भी लगाया गया। (एजेंसी)






First Published: Monday, October 21, 2013, 18:59

comments powered by Disqus