Last Updated: Friday, March 21, 2014, 18:04
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : जदयू सांसद और नीतीश कुमार के करीबी एन के सिंह ने आज जनता दल यू से इस्तीफा दे दिया ह। उम्मीद जताई जा रही है कि सिंह संभवत: भाजपा में शामिल होंगे। सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर अपने फैसले से अवगत करा दिया है। उन्होंने उस पत्र में पार्टी छोड़ने के कारण भी गिनाए हैं, लेकिन उन्हें सार्वजनिक करने से इंकार कर दिया।
बिहार की वर्तमान स्थिति से निराशा जताते हुए उन्होंने कहा कि पिछले साल जदयू द्वारा भाजपा से संबंध तोड़ने के बाद से विकास का मुद्दा पीछे छूट गया है। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के दौरान प्रधानमंत्री कार्यालय में कार्य कर चुके पूर्व नौकरशाह सिंह ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा है कि उनकी सरकार अब राज्य के विकास की बजाए राजनीतिक अस्तित्व के मुद्दे पर केन्द्रित होकर रह गई है।
भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर उन्होंने स्वीकार किया कि इस बारे में उनकी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा हुई है। 73 वर्षीय सिंह जदयू के टिकट पर राज्यसभा सदस्य चुने गए थे। उच्च सदन का उनका कार्यकाल जल्द ही पूरा होने वाला है।
नीतीश कुमार के प्रति गहरा असंतोष प्रकट करते हुए उन्होंने कहा है कि बिहार की स्थिति में आई हाल की बेहतरी के लिए अकेले राज्य के मुख्यमंत्री को नहीं बल्कि संपूर्ण रूप से राजग को श्रेय देना चाहिए जो भाजपा की अगुवाई वाला गठबंधन है। (एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Friday, March 21, 2014, 18:04