Last Updated: Wednesday, January 22, 2014, 17:49
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने दिग्गज अभिनेता अक्कीनेनी नागेश्वर राव के निधन पर शोक प्रकट किया। उन्होंने कहा कि वह भारतीय सिनेमा के निष्ठावान अभिनेताओं में से एक थे।
नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने ट्विटर पेज पर लिखा, `अक्कीनेनी नागेश्वर राव भारतीय सिनेमा के निष्ठावान अभिनेताओं में से एक थे। उन्हें उनके समृद्ध योगदान के लिए याद किया जाएगा। उनके निधन से दुख हुआ।`
तेलुगू अभिनेता राव (89) ने बुधवार सुबह अंतिम सांस ली। वह आंत के कैंसर से जूझ रहे थे। एएनआर के नाम से विख्यात राव के परिवार में तीन बेटियां और प्रसिद्ध अभिनेता नागार्जुन सहित दो बेटे हैं। उन्होंने अपने सिनेमाई करियर की शुरुआत 1941 में फिल्म `धर्मपत्नी` से की। वह फिल्म `देवदासू` से चर्चा में आए।
उनकी कुछ यादगार फिल्मों में `लैला मजनू`, `प्रेमाभिषेकम`, `अनारकली`, `प्रेम नगर` और `मेघा संदेशम` शामिल हैं। बीमार पड़ने से पूर्व वह बेटे नागार्जुन और पोते नागा चैतन्य के साथ फिल्म `मनम` की शूटिंग कर रहे थे। (एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Wednesday, January 22, 2014, 17:49