Last Updated: Thursday, June 5, 2014, 09:32

हैदराबाद : आंध्र प्रदेश के भावी मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को उनके उस पत्र के लिए आड़े हाथ लिया जो उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखकर शेष आंध्र प्रदेश के लिए विशेष प्रोत्साहन राशि एवं अन्य लाभ मांगे हैं।
तिरुपति के श्री वेंकटेश्वर यूनिवर्सिटी में सर्वसम्मति से तेलुगू देशम पार्टी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद नायडू ने नवनिर्वाचित विधायकों को संबोधित करते हुए कहा, ‘राज्य का विभाजन कर घोर अन्याय करने के बाद अब वह क्या हासिल करने की कोशिश कर रही हैं? कांग्रेस ने 30 जुलाई को जब आंध्र प्रदेश को विभाजित करने का फैसला क्या तो उसके बाद क्या उन्होंने एक शब्द भी बोला? अन्यायपूर्ण और मनमाने तरीके से राज्य का बंटवारा करने के कारण ही लोगों ने कांग्रेस को मटियामेट कर दिया है।’
नायडू ने कहा, ‘हम चाहते थे कि बंटवारे के वक्त कांग्रेस आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के साथ एकसमान न्याय करे पर यूपीए सरकार ने हमारी मांगों की पूरी अनदेखी कर दी और मनमाने तरीके से सारी चीजों को अंजाम दिया। न तो सोनिया गांधी और न ही राहुल गांधी ने विभाजन के बारे में एक शब्द कहा जबकि शेष आंध्र प्रदेश के साथ घोर अन्याय किया गया पर अब वह दावा करती है कि उन्होंने आंध्र प्रदेश के लिए काफी कुछ किया है।’ (एजेंसी)
First Published: Thursday, June 5, 2014, 09:32