Last Updated: Monday, January 27, 2014, 21:18
ज़ी मीडिया ब्यूरो/आलोक कुमार रावमुंबई : मुंबई का महालक्ष्मी रेसकॉर्स सोमवार को ऐतिहासिक घटना का गवाह बना। स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर ने लोगों के अनुरोध पर मशहूर देशभक्ति गीत `ऐ मेरे वतन के लोगों` की कुछ पंक्तियां गाकर भावविभोर एवं मंत्रमुग्ध कर दिया। शहीद गौरव समिति की ओर से आयोजित इस समारोह में भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद थे। इस अवसर पर मोदी ने लता मंगेशकर को सम्मानित किया। समारोह में शामिल होने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे थे।
साल 1963 को याद करते हुए लता जी ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने अपने आवास पर मुझे चाय पर बुलाया था। लता ने कहा, `मैं नेहरू जी के आवास पर पहुंची और अकेले में खड़ी हो गई। मुझे ढूंढते हुए इंदिरा जी आईं। वहां पर उन्होंने मुझे राजीव गांधी और संजय गांधी से मिलवाया। उन्होंने मेरे साथ फोटो खिंचवाया।`
लता ने कहा कि 1962 की लड़ाई से नेहरू जी बड़े दुखी थे। सबके ऊपर दुख की छाया थी। पूरी दिल्ली गंभीर हो गई थी। उस हालत में मैंने यह गाना गाया था। आज तक मैंने जितने भी शो किए हैं, हर जगह मुझे यह गीत गाना पड़ता था। हर जगह लोग मुझसे यही गाना सुनना चाहते थे। स्वर साम्राज्ञी ने कहा कि
लता जी ने कहा, `मैं लोगों की आभारी हूं कि उन्होंने भाई नरेंद्र मोदी जी से मिलवाया।`
इसके पहले ज़ी न्यूज से खास बातचीत में लता जी ने कहा था कि वह आज इस गीत को नहीं गाएंगी। उन्होंने कहा कि पिछले 51 साल में उन्होंने करीब हर एक कार्यक्रम में इस गीत को गाया है। लता ने कहा, `आज के समारोह के लिए मैंने इस गीत की तैयारी नहीं की है। गीत गाए जाने के बारे में कोई पूर्व कार्यक्रम नहीं है, इसलिए वह आज इस गीत को नहीं गाएंगी।`
समारोह में करीब एक लाख लोग मौजूद थे। समारोह में लता के साथ जंग के नायकों और उनके परिवार के लोगों को सम्मानित किया गया। लता ने 27 जनवरी, 1963 को पहली बार `ऐ मेरे वतन के लोगों` गीत को गाया था, तो देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू समेत कई लोगों की आंखें नम हो गई थीं।
ऐ मेरे वतन के लोगों एक हिन्दी देशभक्ति गीत है जिसे कवि प्रदीप ने लिखा था और जिसे संगीत सी. रामचंद्र ने दिया था। ये गीत चीन युद्ध के दौरान मारे गए भारतीय सैनिकों को समर्पित था। यह गीत तब मशहूर हुआ जब लता मंगेशकर ने इसे नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस के अवसर पर रामलीला मैदान में तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की उपस्थिति में गाया था।
First Published: Monday, January 27, 2014, 21:10