गोवा में नरेंद्र मोदी की `विजय संकल्प रैली` आज

गोवा में नरेंद्र मोदी की `विजय संकल्प रैली` आज

ज़ी मीडिया ब्यूरो

पणजी : गोवा की राजधानी पणजी में रविवार को भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी विजय संकल्प रैली को संबोधित करेंगे। मोदी रैली को शाम करीब 5.30 बजे संबोधित करेंगे। इस रैली में एक लाख से अधिक की भीड़ जुटने की उम्मीद जताई जा रही है। मालूम हो कि रैली में शामिल होने के लिए प्रदेश भाजपा ने पांच रुपए का प्रवेश शुल्क भी रखा है। इस रैली के साथ ही गोवा में पार्टी का लोकसभा चुनाव अभियान शुरू हो जाएगा।

मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर की मानें तो अभी तक 90 हजार से अधिक लोग रैली के लिए अपने नाम का पंजीकरण करा चुके हैं। रैली पणजी शहर के बाहर खुले मैदान में आयोजित होगी जहां अध्यक्ष राजनाथ सिंह भी मौजूद होंगे। पार्रिकर ने बताया कि रैली में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। भाजपा ने 1,000 बसें आरक्षित की हैं, जिसमें राज्य के कादंबा ट्रांसपोर्ट कार्पोरेशन और पड़ोसी राज्यों की बसें शामिल हैं। पार्रिकर ने कहा कि महाराष्ट्र और कर्नाटक से भी बसों को किराए पर लिया गया है।

स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता रैली में युवाओं को आमंत्रित करने के लिए कॉलेजों में जागरूकता और पंजीकरण अभियान चला रहे हैं। भाजपा की स्थानीय इकाई के अध्यक्ष विनय तेंदुलकर का कहना कि कॉलेजों में पंजीकरण के प्रति जबर्दस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि रैली के लिए समाज के सभी तबकों से समर्थन मिल रहा है क्योंकि लोग मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं।

First Published: Sunday, January 12, 2014, 00:42

comments powered by Disqus