मोदी का धारा 370 के बहाने केंद्र सरकार पर फिर हमला

मोदी का धारा 370 के बहाने केंद्र सरकार पर फिर हमला

मोदी का धारा 370 के बहाने केंद्र सरकार पर फिर हमलाज़ी मीडिया ब्यूरो
जम्मू/नई दिल्ली: भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने आज जम्मू के मौलाना आजाद स्टेडियम में ललकार रैली के दौरान धारा 370 के बहाने केंद्र सरकार पर फिर हमला किया। उन्होंने कहा, जम्मू-कश्मीर में धारा 370 से यहां के सामान्य लोगों का भला हुआ है? अब धारा 370 का इस्तेमाल कवज के रूप में हो रही है। उसे साम्प्रदायिकता से जोड़ा जा रहा है। सरकार सिर्फ सेक्युलरिज्म के नाम पर जिम्मेदारी से बचती रही है। पंडित नेहरू की सोच सही थी या श्यामा प्रसाद मुखर्जी की बात सही थी। 60 साल के इतिहास को देखा जाए को जम्मू कश्मीर के लिए श्यामा प्रसाद मुखर्जी की सोच सही थी।

उन्होंने कहा, आतंकवाद से लड़ते हुए हमारे कई देशभक्त सिपाही शहीद हो गए। जान हथेली पर लेकर देश की रक्षा करने वाले सभी सैनिकों का आदर करता हूं। लेकिन आतंकवाद से निपटने के मुद्दे पर दिल्ली की सरकार सोई हुई है। पाकिस्तान की जेलों हिंदुस्तान के दो जवान सरबजीत और चमेल सिंह को मारा गया। मैं पण्डित प्रेमनाथ डोगरा को भी याद करना चाहता हूं। जैसा उनके साथ हुआ वैसा ही सरबजीत सिंह और चमेल सिंह के साथ हुआ। अगर भारत ने अपनी आवाज बुलंद की होती तो शायद सरबजीत सिंह की मौत नहीं होती। पर सरकार सोती रही।

मोदी ने कहा कि जम्मू कश्मीर को अलग स्टेट की बजाय सुपर स्टेट बनाना चाहिए। मोदी ने कहा कि दिल्ली की सरकार इतनी गहरी नींद में सोई हुई है कि उसे लोगों का गुस्सा भी जगा नहीं सकता। उन्होंने कहा कि क्या ऐसी कोई सरकार है जो उस वक्त भी सोती रहती है जब लोगों को मारा जा रहा हो।

मोदी ने कहा कि जम्मू कश्मीर के साथ मेरा करीबी रिश्ता रहा है। किसी ने मुझे 25 साल पुराना फोटो दिया। इस फोटो को देखर मेरी पुरानी यादें ताजा हो गई। मैंने यहां बहुत काम किया है। मैं आज महाराजा हरि सिंह को याद करना चाहता हूं। अगर उन्हें 1974 के बाद फैसले लेने की मुख्य धारा में शामिल किया जाता तो आज स्थितियां अलग होती। हरि सिंह ने समाज के लिए काम किया था। उन्होंने लड़कियों की शिक्षा के लिए खूब काम किया। उन्होंने छुआछूत के खिलाफ भी आवाज बुलंद की थी।

First Published: Sunday, December 1, 2013, 14:16

comments powered by Disqus