रैलियों के रण में आज मोदी, राहुल समेत कई दिग्गज

रैलियों के रण में आज मोदी, राहुल समेत कई दिग्गज

रैलियों के रण में आज मोदी, राहुल समेत कई दिग्गजज़ी मीडिया ब्यूरो

नई दिल्ली : जैसे-जैसे लोकसभा चुनावों के दिन नजदीक आ रहे हैं, देश में चुनावी रैलियों की जोर आजमाइश में तेजी आने लगी है। आज कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी और आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल मतदाताओं को रिझाने के लिए उत्तर भारत के अलग-अलग हिस्सों में रैलियां करने वाले हैं।

नरेंद्र मोदी जहां पंजाब के जगरांव में फतह रैली करने जा रहे हैं। रैली के लिए खास तैयारियां की गई है। मोदी के हेलिकॉप्टर के लिए 20 एकड़ में हैलीपैड बनाया गया है और 75 एकड़ में पंडाल सजा है। मोदी की फतह रैली में भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह, पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और उप मुख्यमंत्री सुखवीर सिंह बादल भी मौजूद रहेंगे।

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी देहरादून के परेड ग्राउंड में आज जनता को लुभाने का प्रयास करेंगे। इस दौरान वह उत्तराखंड के आपदा पीड़ितों और भूतपूर्व सैनिकों से भी मिलेंगे। देहरादून में राहुल गांधी की रैली के लिए सुरक्षा के खासे इंतजाम किये गए हैं। सुरक्षा के तहत मानव रहित विमान रैली पर नजर रखेंगे।

भारतीय राजनीति में तेज़ी से उभरने वाली आम आदमी पार्टी आज हरियाणा के रोहतक में रैली कर अपनी ताक़त का अहसास कराने का प्रयास करेगी। इस रैली को आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के अलावा मनीष सिसौदिया और योगेंद्र यादव जैसे पार्टी के वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। रैली में रोहतक सीट से `आप` अपने लोकसभा उम्मीदवार का ऐलान भी कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य नवीन जयहिंद को आप रोहतक से अपना उम्मीदवार घोषित कर सकती है।

हरियाणा के हिसार में वामपंथी पार्टियां भी विकल्प रैली करने जा रही हैं जिसे सीपीएम के नेता सीताराम येचुरी संबोधित करेंगे। अन्य चुनावी गतिविधियों में रविवार को जहां कांग्रेस दिल्ली में आम आदमी पार्टी के खिलाफ पोल खोल अभियान चलाएगी, वहीं समाजवादी पार्टी दिल्ली के जंतर मंतर से अपनी साइकिल रैली का आगाज करेगी जो सड़क मार्ग से 6 मार्च को लखनऊ पहुंचेगी और वहीं उसका समापन होगा।

First Published: Sunday, February 23, 2014, 09:32

comments powered by Disqus