'मोदी के पास कांग्रेस को कोसने के सिवाय कोई काम नहीं'

'मोदी के पास कांग्रेस को कोसने के सिवाय कोई काम नहीं'

'मोदी के पास कांग्रेस को कोसने के सिवाय कोई काम नहीं'राघौगढ़ (मध्य प्रदेश) : भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी को कॉरपोरेट सेक्टर का हिमायती बताते हुए कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा है कि उनके पास कांग्रेस को कोसने के अलावा कोई काम नहीं है।

सिंह ने अपने गृह नगर राघौगढ़ में कल शाम संवाददाताओं से कहा कि मोदी कॉरपोरेट सेक्टर के हिमायती हैं जिसके चलते गुजरात में गरीबों एवं किसानों की हालत खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि मोदी केवल कांग्रेस को कोसने में लगे हैं जबकि उन्होंने अपने भाषणों में अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिये कोई ठोस उपाय नहीं सुझाये हैं।

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के संबंध में पूछे जाने पर सिंह ने कहा कि जनता के मन में महंगाई के प्रति नाराजगी और भ्रष्टाचार को लेकर परेशानी के कारण कांग्रेस की हार हुई है और इसमें नरेन्द्री मोदी की लहर का कोई असर नहीं है।

एक प्रश्न के उत्तर में सिंह ने मोदी द्वारा देश को हिटलरशाही के रास्ते पर ले जाए जाने की आशंका जताई । उन्होंने कहा कि मोदी को देश की अर्थव्यवस्था, राजनीतिक और भौगोलिक आंकडों की वास्तवकि जानकारी नहीं है और यह उनके भाषणों में स्पष्ट हो जाता है।

सिंह ने भारत की गिरती अर्थव्यवस्था के लिए विश्व मंदी को जिम्मेदार ठहराते हुए वैश्विक नीतियों में फेरबदल पर जोर दिया। उन्होने कहा कि रिजर्व बैंक द्वारा ब्याज दर बढ़ाने से महंगाई कम नहीं होगी। सिंह ने राजगढ़ से लोकसभा का चुनाव लड़ने से साफ इंकार करते हुए कहा कि राजगढ़ से इस बार सांसद नारायण सिंह आमलावे ही चुनाव लड़ेंगे जबकि वह पार्टी हाईकमान के निर्देश पर किसी अन्य सीट से चुनाव लड़ने को तैयार हैं।

जेपी आंदोलन और अरविंद केजरीवाल के आंदोलन के सवाल पर सिंह ने कहा कि पब्लिक के मूड को अपनी ओर मोड़ना आसान होता है लेकिन जनता से किये गये वायदों को पूरा करना आसान नहीं होता। सिंह ने कहा कि भाजपा ने कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा को बिना क्लीन चिट मिले पार्टी में शामिल कर भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस को कोसने का हक खो दिया है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, January 4, 2014, 13:41

comments powered by Disqus