मुंबई में नरेंद्र मोदी की महागर्जना आज, चायवाले बनेंगे खास मेहमान

मुंबई में नरेंद्र मोदी की महागर्जना आज, चायवाले बनेंगे खास मेहमान

मुंबई में नरेंद्र मोदी की महागर्जना आज, चायवाले बनेंगे खास मेहमानज़ी मीडिया ब्यूरो

मुम्बई : मायानगरी के नाम से मशहूर देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आज भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की महागर्जना रैली होने जा रही है। इस रैली की सबसे खास बात यह है कि इसमें महानगर के 10 हजार चाय बेचने वालों को खास तौर से आमंत्रित किया गया है। मोदी की महागर्जना रैली मुंबई के एमएमआरडीए मैदान पर होगी जिसे नरेंद्र मोदी आज दोपहर करीब एक बजे संबोधित करेंगे।

मोदी की इस महागर्जना रैली को सफल बनाने के लिए भाजपा ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। महाराष्ट्र के अलावा आस-पास के राज्यों से भी पार्टी ने लोगों को बुलाया है। 22 विशेष ट्रेनों और 5000 बसों के जरिए रैली स्थल तक लोगों को लाने की तैयारी की गई है। रैली के लिए सेंट्रल रेलवे ने 12 ट्रेनें और वेस्टर्न रेलवे ने 10 ट्रेनें चलाई हैं। रैली को सफल बनाने में जुटे 5000 स्वंयसेवकप्रदेश भाजपा के नेताओं के मुताबिक आज की रैली में करीब 5 लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है।

आतंकी धमकियों के मद्देनजर मुंबई पुलिस ने भी मोदी की रैली के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मुम्बई पुलिस आयुक्त सत्यपाल सिंह के मुताबिक, नरेंद्र मोदी को मुंबई में सात स्तरीय सुरक्षा प्रदान की जाएगी। सुरक्षा इंतजाम को ‘अभेद्य’ करार देते हुए सिंह ने यहां संवाददाताओं को बताया कि रैली स्थल उपनगरीय बांद्रा कुर्ला कॉम्पलेक्स के समीप एमएमआरडीए मैदान और उसके आसपास करीब 3000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

शहर के पुलिस प्रमुख ने कहा, चूंकि मोदी पर खतरे को सर्वाधिक की श्रेणी में डाला गया है, इसलिए उन्हें सात स्तरीय सुरक्षा प्रदान की जाएगी। आतंकवाद निरोधक इकाई को सक्रिय कर दिया गया है। पिछले एक महीने में मुम्बई में जो लोग आए हैं और अब भी जो लोग आ रहे हैं, हम उनकी भी पड़ताल कर रहे हैं। इसके अलावा सभा स्थल के आसपास की सड़कों की नाकेबंदी कर दी गई है।

सिंह के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था ऐसी की गई है कि सभा स्थल पर पहुंचने वाले हर व्यक्ति की दो बार जांच की जाएगी। उन्होंने कहा, मुम्बई पुलिस ने आत्मघाती बम हमलावरों के खतरे का संज्ञान लिया है। अतएव त्वरित कार्रवाई दल तैनात किया गया है और बम निष्क्रिय दस्ते चौबीसों घंटे तैयार किया जाएगा। रैली को भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार मोदी के अलावा पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह, महाराष्ट्र के भाजपा मामलों के प्रभारी राजीव प्रताप रूडी, वरिष्ठ भाजपा नेता गोपीनाथ मुंडे और पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी भी संबोधित करेंगे।

First Published: Sunday, December 22, 2013, 08:59

comments powered by Disqus