Last Updated: Saturday, March 15, 2014, 13:45
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी किस सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे, इस पर चला आ रहा सस्पेंस आज खत्म हो जाएगा। सूत्रों ने बताया कि मोदी वाराणसी से चुनाव लड़ेंगे, भाजपा आज इसकी घोषणा करेगी। साथ ही भाजपा के अध्यक्ष राजनाथ सिंह किस सीट से चुनाव लड़ेंगे यह सस्पेंस भी खत्म होता दिख रहा है। सूत्रों ने बताया कि राजनाथ सिंह लखनऊ से चुनाव लड़ेंगे।
इसके साथ ही भाजपा आज (शनिवार) उत्तरप्रदेश के पहले दो चरणों में जिन सीटों पर चुनाव होने हैं, उनके भी उम्मीदवारों के नामों की भी घोषणा करेगी। सूत्रों ने बताया कि भाजपा बिहार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, ओडिशा, केरल और महाराष्ट्र जैसे महत्वपूर्ण राज्यों की 100 सीटों को अंतिम रूप दे सकती है। पार्टी पहले ही लोकसभा चुनाव के लिए देशभर में 203 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर चुकी है।
उधर, मुरली मनोहर जोशी जैसे पार्टी के वरिष्ठ नेता फिक्रमंद माने जा रहे हैं। जोशी ने वाराणसी सीट पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है जहां से भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के चुनाव लड़ने के इच्छुक होने की खबर है। इससे पूर्व की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में समझा जाता है कि जोशी ने पार्टी नेतृत्व से इस मुद्दे पर सवाल पूछा और मीडिया की खबरों के बारे में स्थिति जानना चाहा था।
जोशी ने हालांकि कहा कि वह पार्टी के निर्णय का पालन करेंगे। सूत्रों ने कहा कि अगर मोदी को इस सीट के लिए चुना जाता है तब जोशी से कानपुर जाने को कहा जा सकता है, जहां से कलराज मिश्रा चुनाव लड़ने को इच्छुक हैं। लखनऊ सीट पर भी भाजपा में असंतोष के स्वर है जहां से पार्टी नेता लालजी टंडन को सीट खाली करने के लिए कहा जा सकता है ताकि पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह का मार्ग प्रशस्त किया जा सके। खबर है कि पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को गांधीनगर की बजाए भोपाल से लड़ाया जा सकता है।
First Published: Saturday, March 15, 2014, 09:58