कांग्रेस से लोकसभा सीटें जीतने के लिए मोदी ने दिया नमो मंत्र

कांग्रेस से लोकसभा सीटें जीतने के लिए मोदी ने दिया नमो मंत्र

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री पद के भाजपा के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि पार्टी को लोकसभा चुनावों के लिहाज से उन सीटों पर खास ध्यान देना चाहिए जहां पिछले चुनाव में पार्टी उम्मीदवार कांग्रेस से हारकर दूसरे स्थान पर रहे। मोदी ने बहुमत हासिल करने के लिए सत्तारूढ़ पार्टी के खिलाफ लहर का लाभ उठाने की भी वकालत की। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारियों और प्रदेश अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए मोदी ने सरकार बनाने के लिए कुछ रोचक आंकड़े साझा किये।

बैठक के बाद पार्टी के प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ ‘मिशन 272 प्लस’ का गणित समझाते हुए मोदी ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 206 और भाजपा को 116 सीट मिली थीं। कांग्रेस जहां पहले नंबर पर रही उन अधिकतर सीटों पर भाजपा दूसरे स्थान पर आई थी। प्रथम और दूसरे स्थान पर आए प्रत्याशियों में वोटों का कुल अंतर केवल 89 लाख का था।’’ मोदी के मुताबिक लेकिन पिछले 5 साल में 12 करोड़ नए मतदाता आए हैं और ऐसे में पिछले चुनाव में रह गए 90 सीट के फासले को इस बार आसानी से पाटा जा सकता है। मोदी ने दावा किया कि नये युवा मतदाता मुख्य विपक्षी दल की तरफ आकर्षि हैं।

मोदी ने बैठक में कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा ‘‘मिशन 272 प्लस’’ को हासिल कर सकती है। उन्होंने कहा कि हाल के विधानसभा चुनावों के नतीजे न केवल इस बात का प्रमाण हैं बल्कि उन्होंने इस बात पर मुहर भी लगा दी है। ‘मोदी फार पीएम फंड’ के तहत 10 करोड़ परिवारों से पार्टी ने न्यूनतम 10 रपये और अधिकतम 1,000 रपये एकत्रित करने का लक्ष्य रखा है। मोदी ने कहा, ‘‘कांग्रेसी शासन के दस साल के काले दशक के विरूद्ध हम हमारी नयी सोच और नयी उम्मीद के साथ चुनावी मैदान में जाएंगे।’’ जावडेकर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में 120 दिन बाकी बचे हैं और पार्टी ने इसमें से 60 दिन तैयारी के और 60 दिन प्रचार के लिए रखे हैं।

भाजपा महासचिव अनंत कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि पार्टी के लिए चुनावी नारा ‘मोदी फॉर पीएम’ (प्रधानमंत्री पद के लिए मोदी) होगा। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा का ‘मोदी फॉर पीएम’ अभियान जेपी आंदोलन की तर्ज पर होगा जो आपातकाल के समय कांग्रेस सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए शुरू किया गया था।’’ अनंत कुमार ने कहा कि 1977 में जबरदस्त कांग्रेस विरोधी लहर थी और आज भी वैसे ही हालात हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह ऐतिहासिक साल है। किसी ने नहीं सोचा था कि विपक्ष इतने वोट हासिल कर सकता है।’’ भाजपा महासचिव के अनुसार हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे दिखाते हैं कि भाजपा अपने प्रतिद्वंद्वियों से काफी आगे है।

बैठक में भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने दावा किया कि तीन राज्यों में जीत और दिल्ली में विधानसभा चुनावों में अच्छे प्रदर्शन ने पार्टी के पक्ष में माहौल बना दिया है और इससे आगामी लोकसभा चुनावों में मदद मिलेगी। भाजपा नेताओं ने एक प्रस्ताव भी पारित किया जिसके मुताबिक ये चुनाव परिणाम इस बात का जनमत सर्वेक्षण है कि सरकार को काम करके दिखाना चाहिए या हट जाना चाहिए। पार्टी का केवल एक ही लक्ष्य है कि लोकसभा चुनावों में 272 से अधिक सीटें प्राप्त करना। पार्टी लोकसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों का चुनाव करने से पहले 400 से अधिक लोकसभा क्षेत्रों में सभाएं भी करेगी।

पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की राष्ट्रीय स्तर की बैठक 28 फरवरी को होगी जिसमें चुनावों के दौरान जमीनी स्तर के प्रबंधन पर चर्चा की जाएगी। मुख्य विपक्षी दल कल पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन को ‘सुशासन दिवस’ के तौर पर मनाने जा रहा है। भाजपा केंद्र में सरकार बनाने की अपनी संभावनाओं को मजबूती प्रदान करने के लिए राजग में और दलों को जोड़ने का प्रयास करेगी। जनता को पार्टी से जोड़ने के लिए बैठक में यह फैसला भी किया गया कि गुजरात में नर्मदा नदी में बनाई जा रही सरदार पटेल की विशाल प्रतिमा के लिए हर गांव से लोहा और मिट्टी एकत्र की जाएगी। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, December 24, 2013, 22:32

comments powered by Disqus