कांग्रेस-आप का सौदा भाजपा को रोकने के लिए : गडकरी

कांग्रेस-आप का सौदा भाजपा को रोकने के लिए : गडकरी

नई दिल्ली : भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कांग्रेस और आप को निशाना बनाते हुए आज आरोप लगाया कि दोनों दलों के बीच ‘भाजपा को किसी भी कीमत पर सत्ता में आने से रोकने’ की सौदेबाज़ी हुई है।

आज दिल्ली सरकार का गठन करने वाली आप को उन्होंने ‘दाएं बाजू की माओवादी पार्टी’ बताते आक्षेप लगाया कि वह लोकतांत्रिक व्यवस्था को ध्वस्त करना चाहती है। भाजपा कार्यकर्ताओं की यहां आयोजित बैठक में गडकरी ने दावा किया कि उन्हें एक प्रतिष्ठित उद्योगपति ने बताया कि दिल्ली के एक होटल में दोनों पार्टियों (कांग्रेस और आप) के बीच सौदा
हुआ।

इस बारे में उन्होंने कहा, ‘देश के बड़े उद्योगपतियों में से एक ने अरविंद केजरीवाल और कुछ कांग्रेस नेताओं के बीच दिल्ली के एक बड़े होटल में सौदा किया। मुझे व्यक्तिगत तौर पर बताया गया कि उस होटल में क्या बात हुई और उन व्यक्तियों ने क्या खाया।’

उनके अनुसार, ‘मध्यस्थ के रूप में काम कर रहे व्यक्ति ने मुझे बताया कि नीति यह बनाई गई कि भाजपा को किसी भी कीमत पर सरकार बनाने से रोका जाए।’ कांग्रेस पर प्रहार करते हुए भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में सोनिया गांधी के अध्यक्षता वाली इस पार्टी ने अब केन्द्र में सरकार बनाने का सपना छोड़ दिया है, क्योंकि उसे मालूम हो गया है कि उसका खेल खत्म हो चुका है। ऐसे में कांग्रेस ने भाजपा को किसी भी कीमत पर रोकने की रणनीति बनाई।

भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के सहारे दिल्ली की सरकार बनाने वाले अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के कुछ ही देर पहले गडकरी ने आप नेता और कांग्रेस के बीच सौदा होने का आरोप लगाया है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, December 28, 2013, 22:46

comments powered by Disqus