प्रधानमंत्री का सपना नीतीश को सोने नहीं देता: मोदी

प्रधानमंत्री का सपना नीतीश को सोने नहीं देता: मोदी

प्रधानमंत्री का सपना नीतीश को सोने नहीं देता: मोदीज़ी मीडिया ब्यूरो

पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया में सोमवार को हुंकार रैली को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने नाम लिये बिना राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर एक बार फिर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने गठबंधन तोड़ा क्यों, इसके कारणों पर मैंने काफी विचार किया। दरअसल, नीतीश को प्रधानमंत्री बनने का सपना सोने नहीं देता। मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत मिथिला भाषा में की और कहा कि इतने लोगों को रैली में देखकर मैं गदगद हूं।

मोदी ने बिना नाम लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा और कहा कि कुछ दिन पहले मुझे पता चला कि उन्होंने बीजेपी से गठबंधन इसलिए तोड़ दिया कि प्रधानमंत्री का सपना उन्हें रात में सोने नहीं देता। मोदी ने कहा कि उनका अहंकार एवरेस्ट से भी ऊंचा है।

उन्होंने कहा कि थर्ड फ्रंड तो भूतपूर्व प्रधानमंत्रियों की टोली है और वहां एक नहीं बल्कि 12 लोग प्रधानमंत्री पद के लिए दावेदार है जो पीएम बनने के इच्छुक हैं। तीसरे मोर्चे पर सवाल उठाते हुए मोदी ने कहा कि इसने कांग्रेस को बचाने का काम किया है। बिहार में बाढ़ के वक्त ये लोग कहां थे, असम में कत्लेआम हुआ तब थर्ड फ्रंट कहां था, यूपी में एक साल में 150 दंगे हुए तब कहां गए थे? चुनाव बिगुल बजने के साथ जाग जाते हैं और फिर सो जाते हैं।


उन्होंने कहा कि सिर्फ सरकार बनाना हमारा मकसद नहीं है। बल्कि देश को सरकार के जरिए सुशासन देना, भ्रष्टाचार मुक्त शासन देना हमारा मकसद हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ वोटबैंक के लिए बिहार को बर्बाद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार मे तो 1900 स्कूलों का अता-पता हीं नहीं है और ये सभी स्कूल सिर्फ कागजों पर चल रहे हैं।

मोदी ने कहा कि भाजपा नेतृत्व के गठबंधन को कभी संकट नहीं आया है, क्योंकि भाजपा सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। मोदी ने कहा कि हम प्रगतिशील सरकार बनाने के लिए आए हैं, सिर्फ सरकार बनाना हमारा मकसद नहीं है। देश में विकास के लिए सरकार बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मरी हुई, अस्पताल में पड़ी और ऑक्सीजन के सहारे चल रही सरकार है, इससे मुक्ति मिलनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कहा कि बिहार के नौजवान देश को चला रहे हैं, लेकिन बिहार की पीढ़ी को बरबाद करने का काम नीतीश सरकार कर रही है। आने वाला युग तकनीक का है। बचपन से ही अच्छी शिक्षा मिलनी चाहिए। बिहार में मात्र दो प्रतिशत स्कूल हैं, जहां कंप्यूटर हैं। क्या कर रहे हैं, दिल्ली के शहजादे, क्या कर रहे हैं, उनके मंत्री, जो दावा कर रहे थे कि देश के सभी नौजवानों के हाथ में आकाश टैबलेट होगा। मोदी ने पूछा कि यह आकाश से जमीन पर कब आएगा।

मोदी ने कहा कि गुजरात जिसे बदनाम किया जा रहा है, जिसे कोसा जा रहा है, वहां पर 71 प्रतिशत स्कूलों में कंप्यूटर है। आने वाली पीढ़ी के भविष्य की चिंता है हमें। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर हमला किया कि वह दावा करते हैं कि आईटी हम लाए, लेकिन कहां गए... कहां तक लाए...? बिहार में जूट की खेती को बरबाद कर दिया गया है, लेकिन यहां के नेता लूट में माहिर हो गए हैं।

(एजेंसी इनपुट के साथ)









First Published: Monday, March 10, 2014, 14:39

comments powered by Disqus