Last Updated: Tuesday, December 31, 2013, 09:32
.jpg)
रांची : झारखंड के एक मंत्री ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर विवादास्पद बयान दे दिया। मंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के लिए आम जनता से लोहा मांगने वाले मोदी लगता है, एक दिन जनता से एक पत्नी की भी मांग कर बैठेंगे।
झारखंड के पशुपालन एवं मत्स्यपालन मंत्री मनन मलिक ने धनबाद में सोमवार को पत्रकारों से कहा कि भाजपा इससे पहले (अयोध्या में मंदिर बनवाने के लिए) आम जनता से ईंट मांग चुकी है। अब मोदी (सरदार पटेल की प्रतिमा के लिए) लोहा मांग रहे हैं। बाद में वह सोना मांगेंगे, और एक समय ऐसा आएगा कि वह जनता से एक पत्नी की मांग कर बैठेंगे। मोदी `विधुर` जो हैं। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र राय ने मनन मलिक को तुरंत मंत्री पद से हटाए जाने की मांग की है।
रवींद्र ने कहा कि मंत्री दिमागी तौर पर बीमार लगते हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को उन्हें मंत्रिमंडल से हटा देना चाहिए। दिमागी तौर पर बीमार व्यक्ति मंत्री के रूप में कार्य कैसे कर सकता है। झारखंड कांग्रेस ने भी मनन द्वारा दिए गए बयान को अस्वीकार कर दिया है। झारखंड कांग्रेस के प्रवक्ता शैलेश सिन्हा ने कहा कि हमें बयान के बारे में पता चला। हम मंत्री के बयान को अस्वीकृत करते हैं। राजनीति में इस तरह की भाषा के लिए कोई जगह नहीं है। मोदी ने रविवार को रांची में चुनावी रैली को संबोधित किया था और राज्य की बदहाली के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया था। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, December 31, 2013, 09:32