कैश फॉर वोट में आज तय हो सकते हैं आरोप

कैश फॉर वोट में आज तय हो सकते हैं आरोप

ज़ी मीडिया ब्यूरो
नई दिल्ली : कैश फॉर वोट मामले में आज आरोप तय हो सकते हैं। दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट आज आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करेगी। 5 साल पहले लोकसभा में विश्वास मत के पहले नोट के बदले भाजपा सांसदों को क्रॉस वोटिंग के लिए उकसाने का आरोप लगा था।

मामला 2008 का है, जब भाजपा के तीन सांसद संसद में नोट से भरे बैग लेकर पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि उन्हें ये पैसा सरकार बचाने के लिए दिया गया था। इस मामले में अमर सिंह और सुधींद्र कुलकर्णी के अलावा भाजपा सांसद अशोक अर्गल और फग्गन सिंह कुलस्ते, पूर्व सांसद महाबीर सिंह भगोरा, अमर सिंह के पूर्व सहायक संजीव सक्सेना और बीजेपी कार्यकर्ता सोहेल हिंदुस्तानी आरोपी हैं।

मामले में दाखिल चार्जशीट में समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता अमर सिंह और दो भाजपा सांसदों के नाम भी आरोपियों में शामिल हैं। अगस्त 2011 में दाखिल पहली चार्जशीट में दिल्ली पुलिस ने कहा था कि अमर सिंह और भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी के पूर्व सहयोगी सुधींद्र कुलकर्णी ने साजिश रची थी। 22 जुलाई 2008 को लोकसभा में विश्वास मत से पहले कुछ सांसदों को वोट के बदले नोट देने की साजिश रची गई थी।

घोटाले की जांच करने वाली संसदीय समिति की सिफारिशों पर 2009 में इस संबंध में मामला दर्ज कराया गया था। सभी आरोपियों के खिलाफ आईपीसी के तहत आपराधिक साजिश और भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज है। आरोप तय करने को लेकर हुई बहस में अमर सिंह ने खुद को मामले से बरी करने की मांग की थी। उनके वकील ने कहा कि जांच एजेंसी के पास अमर सिंह के खिलाफ कोई सबूत नहीं हैं। 2008 में परमाणु विधेयक पर मतदान के दौरान सरकार अल्पमत में थी।

First Published: Saturday, October 19, 2013, 13:29

comments powered by Disqus