Last Updated: Friday, October 11, 2013, 13:42
जम्मू : पाकिस्तान ने पिछले एक दिन में तीसरी बार संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए शुक्रवार को जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर मोर्टार दागे और गोलीबारी की।
एक रक्षा प्रवक्ता ने आज बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने सुबह साढ़े आठ बजे से पुंछ जिले के बारासिंहा, मेंढर एवं हमीरपुर सब सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास छोटे हथियारों से गोलीबारी की तथा 822 एमएम के मोर्टार दागे।
प्रवक्ता ने बताया कि सीमा की रक्षा कर रहे भारतीय जवानों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उन्हीं हथियारों से गोलीबारी की। दोनों पक्षों के बीच भारी गोलीबारी जारी थी।
उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान द्वारा नियंत्रण रेखा के इस पार की गयी गोलाबारी से जानमाल की कोई हानि नहीं हुई।’ कल पाकिस्तानी सैनिकों ने संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए पुंछ में नियंत्रण रेखा के पास मेंढर एवं भीमभेरगली-बालकोट सब सेक्टर में छोटे एवं स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की।
पाकिस्तानी सेना ने कल शाम छह बजकर पौने सात बजे और रात सात बजकर 25 मिनट पर पुंछ जिले के कृष्णाघाटी सब सेक्टर में भी अकारण गोलीबारी की।
इस साल जम्मू कश्मीर में पाकिस्तानी सैनिकों ने नियंत्रण रेखा के पास 127 बार संघषर्विराम का उल्लंघन किया जो पिछले आठ साल में सबसे अधिक है। (एजेंसी)
First Published: Friday, October 11, 2013, 13:42