Last Updated: Friday, January 17, 2014, 10:17
ज़ी मीडिया ब्यूरो इस्लामाबाद : पाकिस्तान की एक महिला पत्रकार ने भारतीय मंत्री शशि थरूर का पीछा करने का आरोप लगने के बाद उनकी पत्नी सुनंदा पुष्कर को आड़े हाथों लिया है। मेहर तरार ने पुष्कर का नाम लेते हुए ट्विटर पर लिखा, `सुनहरे बालों वाली इस महिला की अक्ल उनके व्याकरण व वर्तनी से कमजोर है। प्रेम प्रसंग के बाद बात पीछा करने पर आ गई।`
इधर, बुधवार को थरूर ने ट्वीट किया था कि उनका ट्विटर अकाउंट हैक कर लिया गया है। गुरुवार को प्रकाशित खबरों में पुष्कर ने शादी में मुश्किल दौर आने की बात कही है। एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, `पत्नी ने पति को फटकार लगाई। अब वह इसकी क्षतिपूर्ति में लगी हैं। इसे कहते हैं कि अपने ही गिराते हैं नशेमन पे बिजलियां।`
तरार ने अपने ट्विटर पर खुद को एक मां, पाकिस्तानी समाचार पत्र डेली टाइम्स की ओपेड पृष्ठ की पूर्व संपादक और स्तंभकार के रूप में पेश किया है। उनके पेज पर गुरुवार को ट्वीट की बौछार आ गई। उन्होंने ट्वीट किया कि मेरा नाम मेहर है, मैं आईएसआई, रॉ, सीआईए, मोसाद और न ही प्राणहीन केजीबी की एजेंट हूं। क्या मैं अब जा सकती हूं? तरार ने एक और ट्वीट पर लिखा, `उनकी फटकार का जवाब न देने की यही एकमात्र वजह है। मैं डॉ. थरूर का बेहद सम्मान करती हूं। मेरे पास कहने के लिए और कुछ नहीं है।`
उधर, केंद्रीय राज्य मंत्री शशि थरूर और उनकी पत्नी सुनंदा पुष्कर ने गुरुवार को कहा कि उनके बीच सबकुछ ठीकठाक चल रहा है। भाजपा की केरल इकाई के अध्यक्ष वी. मुरलीधरन ने गुरुवार को संवाददाताओं से कहा कि पेशे से पत्रकार एक पाकिस्तानी महिला जिसे कथित रूप से इंटर सर्विस इंटेलिजेंस (आईएसआई) का एजेंट भी बताया गया है, से मंत्री के `गहरे संबंध` के आरोप उनकी पत्नी द्वारा लगाए जाने को देखते हुए थरूर को मंत्रि परिषद से बाहर निकाला जाना समय की मांग है। मुरलीधरन ने कहा कि थरूर का पाकिस्तानी महिला के साथ रिश्ते का आरोप उनकी पत्नी ने ही लगाए हैं और यह और ज्यादा गंभीर है। उन्हें तुरंत ही मंत्रि परिषद से हटाया जाना चाहिए।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पोलित ब्यूरो के सदस्य कोदियेरी बालाकृष्णन ने कहा कि थरूर के खिलाफ आरोप अत्यंत गंभीर हैं और सच्चाई का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जरूरी है। उधर, फेसबुक पर संयुक्त बयान पोस्ट कर थरूर दंपति ने कहा है कि उनके ट्विटर खाते से कुछ `अनधिकृत ट्वीट` के बाद उपजे विवाद से वे अत्यंत हताश हैं। दोनों ने कहा है कि सुनंदा के कई कथित विपरीत बयान प्रेस में छाए हुए हैं। यह पाया गया है कि कुछ व्यक्तिगत और निजी टिप्पणियां जवाब में इन अनधिकृत ट्वीटों पर की गई हैं। ऐसी टिप्पणियां प्रकाशित करने के योग्य भी नहीं हैं। ऐसी सामग्री के कारण भ्रामक निष्कर्ष निकल आए हैं।
संयुक्त बयान में कहा गया है कि हम इस बात को जोर देकर कहना चाहते हैं कि हम सुखी विवाहित हैं और इसी तरह जीना चाहते हैं। सुनंदा बीमार थी और इस सप्ताह अस्पताल में भर्ती रही और अब उसे आराम चाहिए। यदि मीडिया ने हमारी निजता का सम्मान किया तो हम बेहद आभारी रहेंगे। थरूर की पत्नी ने बुधवार को ट्विटर पर पोस्ट में कहा था कि हमारा खाता हैक नहीं हुआ है और मैं यह ट्वीट भेज रही हूं। मैं इसे बर्दाश्त नहीं कर सकती। वह पाकिस्तानी महिला है जो आईएसआई की एजेंट है और वह मेरे पति का पीछा करती है। आप जानते हैं कि मर्द होते कैसे हैं। थरूर की करीबी पाकिस्तानी पत्रकार मेहर तरार ने इस विवाद पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए ट्वीट किया है कि मैं शशि थरूर को जानती हूं और उनका अत्यंत सम्मान करती हूं। क्या इस तरह खुलेआम ट्वीट/लिखा जा सकता है। जो भी ट्वीट किया गया उसके भद्देपन को महसूस कीजिए।
First Published: Friday, January 17, 2014, 10:17