Last Updated: Wednesday, January 29, 2014, 20:03
जम्मू: पाकिस्तान के सैनिकों ने आज संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर भारत की अग्रिम चौकियों पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की जिसके बाद भारतीय जवानों ने जवाबी कार्रवाई की।
जनसंपर्क अधिकारी (रक्षा) जम्मू ने कहा कि दुश्मन (पाक सैनिकों) ने दोपहर करीब 3 बजे बालाकोट सेक्टर में अपने छोटे हथियारों से गोलीबारी की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।
जनसंपर्क अधिकारी ने कहा कि सीमा पर पहरा दे रहे भारतीय जवानों ने जवाबी कार्रवाई की जिसके बाद पांच मिनट तक दोनों तरफ से गोलियां चलीं। उन्होंने कहा कि सीमापार गोलीबारी में हमारी तरफ कोई नुकसान नहीं हुआ या कोई हताहत नहीं हुआ। पाकिस्तान ने पिछले साल नियंत्रण रेखा पर 195 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।
इससे पहले पाकिस्तान की तरफ से 2012, 2011 और 2010 में क्रमश: 93, 51 और 44 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, January 29, 2014, 20:03